Mumbai Mayor: मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव में तेजस्वी घोसालकर ने शानदार जीत हासिल की है. उन्होंने मुंबई के दहिसर वार्ड नंबर-2 से चुनावी जंग जीतने में सफलता पाई. इस जीत के बाद अब उन्हें मुंबई की मेयर पद की संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है. बता दें, तेजस्वी घोसालकर ने चुनाव से करीब एक महीने पहले ही शिवसेना (UBT) गुट छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था.
तेजस्वी घोसालकर बन सकती है मुंबई की मेयर: सूत्र
पार्टी सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी की बढ़ती लोकप्रियता, जनसमर्थन और मजबूत राजनीतिक पकड़ उन्हें मेयर पद के लिए एक मजबूत दावेदार बना रही है. तेजस्वी घोसालकर, शिवसेना के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विनोद घोसालकर की बहू हैं. उन्होंने 2017 में मुंबई महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना (तत्कालीन अविभाजित) के टिकट पर वार्ड नंबर-1 से चुनाव जीता था. इसके बाद से वह राजनीति में सक्रिय रही हैं. तेजस्वी के पति अभिषेक घोसालकर जो मुंबई जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक भी थे 2022 में एक फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दिए गए थे. इस हत्याकांड ने महाराष्ट्र में हलचल मचा दी थी और राजनीतिक हलकों में भी इसकी गूंज सुनाई दी थी.
ये भी पढ़ें: चाचा-भतीजे पर जनता का भरोसा टूटा! एक होकर भी भाजपा को टक्कर नहीं दे सके अजीत और शरद पवार
अभिषेक घोसालकर की हत्या के बाद तेजस्वी को उसी बैंक के निदेशक मंडल में शामिल किया गया जिस पर बीजेपी विधायक प्रवीण दारकेकर का प्रभाव माना जाता है. इस घटना ने तेजस्वी को राजनीति में नया मोड़ देने की दिशा में सक्रिय कर दिया था और उनके पार्टी बदलने की अटकलें तेज हो गई थीं. तेजस्वी घोसालकर ने 2022 में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) से इस्तीफा दे दिया था, जिसका कारण उन्होंने व्यक्तिगत मुद्दे बताया था. अब उनकी जीत के साथ बीजेपी में उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है और मुंबई की मेयर पद की रेस में उनका नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है.
