News in Brief

Rajya Sabha Elections: महाराष्ट्र में राज्यसभा और  लेजिस्लेटिव काउंसिल चुनावों से पहले विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के भीतर सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है. आदित्य ठाकरे ने संकेत दिया है कि आने वाले चुनावों में MVA के हिस्से की ‘जीतने योग्य’ सीट पर शिव सेना (UBT) का दावा बनता है. उन्होंने विधानसभा की मौजूदा संख्या बल का हवाला देते हुए कहा कि गणित उनकी पार्टी के पक्ष में है.

आदित्य ठाकरे ने समझाया पूरा गणित

आदित्य ठाकरे ने कहा कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधान सभा में शिवसेना (UBT) के 20 विधायक हैं. इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 16 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के 10 विधायक हैं. आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर आंकड़ों को देखें तो राज्यसभा की सीट शिवसेना (UBT) की है और MVA में इस दिशा में बातचीत जरूर होगी. इस बीच आपको बता दें कि उनके बयान से साफ है कि विपक्षी गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर मंथन तेज हो गया है. MVA में शामिल दलों के बीच समन्वय और रणनीति तय करने को लेकर जल्द बैठक होने की संभावना है.

Add Zee News as a Preferred Source

16 मार्च को होंगे मतदान

इस बीच बता दें कि चुनाव आयोग 26 फरवरी को राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी करेगा. महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को होना है. जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें NCP (SP) प्रमुख शरद पवार भी शामिल हैं. शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत के अनुसार, शरद पवार ने दोबारा चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं. राज्यसभा सदस्यों का चुनाव विधायक करते हैं ऐसे में विधानसभा की संख्या बल निर्णायक भूमिका निभाएगा.

ये भी पढ़ें: संसद की ताकत का नया टेस्ट 16 मार्च को, राज्यसभा की 37 सीटों पर होंगे चुनाव: आपके राज्य में कितनी सीटें

महायुति की बढ़त

विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के पास स्पष्ट बहुमत है. संख्या बल को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि 7 में से 6 सीटें महायुति के खाते में जा सकती हैं, जबकि MVA के लिए केवल एक सीट जीतने की संभावना मानी जा रही है. इसी एक सीट को लेकर शिवसेना (UBT) ने अपना दावा मजबूत किया है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि MVA के घटक दल आपसी सहमति से उम्मीदवार तय करते हैं या अंदरूनी खींचतान और बढ़ती है.