News in Brief

Ajit Pawar on Supriya Sule: सियासत में चुनावी सीजन हो या न हों, ‘आया राम-गया राम’ का खेल चलता रहता है. इस कड़ी में एक बार फिर सियासी गलियारों में खबरें उड़ रही हैं कि एनसीपी (शरदचंद पवार) की नेता और लोकसभा की सांसद सुप्रिया सूले बीजेपी में शामिल हो सकती हैं. ऐसी अटकलबाजियों को लेकर पूछे गए सवाल पर सुप्रिया के बड़े भाई और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. दादा ने कैमरे पर झल्लाते हुए कहा, मैं ज्योतिषी नहीं हूं, इसलिए अटकलों के बजाय विकास पर ध्यान देना पसंद करता हूं.

अनावश्यक बहस: अजित

ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को विदेश भेजने के लिए सुले की लगातार तारीफों से ऐसी अटकलों को और हवा मिली. इसी तरह से संसद में दिए गए सुप्रिया सूले के उस बयान ने भी खूब सुर्खियां बंटोरी जिसमें उन्होंने विपक्ष के नेताओं पर भरोसा करने को लेकर पीएम मोदी का आभार जताया था. इसके बाद सुप्रिया को लेकर लग रही अटकलों को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए पवार ने कहा कि ऐसी व्याख्याएं अनावश्यक हैं और अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर की जाती हैं.

अजित पवार ने कहा, ‘मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं. ऐसे अटकल भरे सवाल अक्सर बेवजह ब्रेकिंग न्यूज बन जाते हैं. मैं सवालों का जवाब देने के बजाए 15 जनवरी तक विकास पर ध्यान देना पसंद करूंगा’. आपको बताते चलें कि महाराष्ट्र के निकाय चुनावों के लिए एनसीपी के दोनों धड़े साथ आए हैं. इन चुनावों को एनसीपी के अंदर एक लिटमस टेस्ट की तरह देखा जा रहा है. 

Add Zee News as a Preferred Source

अजित पवार से पूछा गया कि क्या NCP के दोनों गुटों के एक साथ आने की कोई संभावना है, तो पवार ने कहा निकाय चुनाव जीतना फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता है. अजित पवार ने कहा, ‘अभी फोकस चुनाव पर है. हम सकारात्मक नतीजों के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं.’

सवाल अपनी जगह क्यों जायज लगता है?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव हुए अरसा बीत गया. कई बार खबरें आईं कि दोनों एनसीपी के दोनों धड़े एक बार फिर परिवार के नाम पर एक हो सकते हैं. अडाणी परिवार से पवार फैमिली की नजदीकी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अदाड़ी को पानी पी-पीकर कोसे जाने पर भी जब-जब सवाल पूछे गए तो पवार परिवार ने बिना किसी झिझक के बेबाक जवाब दिया. विचारधारा के नाम पर कैमरे के सामने एक दूसरे से भिड़ने वाले नेता कैमरा बंद होने के बाद एक हो जाते हैं. साथ चाय-नाश्ता करते हैं, खाना खाते हैं. सार्वजनिक आयोजनों में साथ घूमते दिखते हैं. इसलिए राजनीतिक आवागमान यानी सियासी आवाजाही की अटकलें हो या पुष्टि लोगों को बहुत ज्यादा आश्चर्य नहीं होता है.

NCP और NCP-SP के संभावित विलय के सवाल पर पवार ने कहा, ‘हम एक परिवार हैं. किसी भी परिवार में लोग खुशी और दुख के समय साथ आते हैं. परिवार के सदस्य अगर एकसाथ खड़े होने का फैसला करते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है. वहीं ठाकरे भाइयों के एक साथ आने पर प्रतिक्रिया देते हुए पवार ने कहा कि इस कदम के चुनावी नतीजे हो सकते हैं.