Did Lord Ram Join BJP Remark: तेलंगाना कांग्रेस के एमएलसी बोम्मा महेश कुमार गौड़ ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए धर्म और जाति के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला. निजामाबाद में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या भगवान राम ने भाजपा की सदस्यता ले ली है. गौड़ ने कहा कि पार्टी चुनावी फायदे के लिए सिर्फ धार्मिक भावनाओं को भड़काती है.
गौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव से पहले लोगों की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए धर्म के नाम पर राजनीति करती है. उन्होंने तेलंगाना की जनता से अपील की कि वे विभाजनकारी राजनीति को नकारें और विकास के शासन का समर्थन करें.
नाम बदलने के प्रस्ताव पर सियासी घमासान
यह बयान कांग्रेस प्रवक्ता समा राम मोहन रेड्डी द्वारा भाजपा सांसद धर्मपुरी अरविंद की आलोचना के बाद आया है. रेड्डी ने निजामाबाद का नाम बदलकर ‘इंदूर’ रखने के प्रस्ताव को भड़काऊ और सांप्रदायिक करार दिया. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रेड्डी ने आरोप लगाया कि सांसद अरविंद अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास में विफल रहे हैं और इस विफलता से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अरविंद निजामाबाद में विकास के लिए एक पैसा भी नहीं ला पाए.
ये भी पढ़ें: बुर्का पहनने वाली को बनाए AIMIM चीफ… ‘हिजाब वाली PM’ बयान पर BJP ने ओवैसी को घेरा
इससे पहले, निजामाबाद से भाजपा सांसद धर्मपुरी अरविंद ने कहा था कि यदि भाजपा सत्ता में आती है तो जिले का नाम बदला जाएगा क्योंकि निजाम काल से जुड़े नाम एक दर्दनाक अतीत की याद दिलाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे नाम उत्पीड़न के प्रतीक हैं और उन्हें सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रवादी पहचान को दर्शाने वाले नामों से बदला जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: ‘हिंदू धर्म मुसलमानों से प्रेम की गुंजाइश देता है, हिंदुत्व उसे ‘लव जिहाद’ कहता है…’ बहस में ऐसा क्यों बोलीं TMC सांसद महुआ मोइत्रा
इस बयान का समर्थन करते हुए तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कहा कि पार्टी अपने निजामाबाद सांसद के साथ मजबूती से खड़ी है. राव ने कहा कि हमारे निजामाबाद सांसद ने बयान दिया है कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो हम निजामाबाद का नाम बदलकर इंदूर कर देंगे. भाजपा उनके साथ है.
