News in Brief

Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार सुबह पुणे जिले में विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई है. उनके साथ विमान में सवार अन्य 5 लोगों की भी जान चली गई है. यह हादसा तब हुआ जब पवार का विमान बारामती के पास उतर रहा था. DGCA की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बची है. अजित पवार बारामती में स्थानीय निकाय चुनावों से पहले रैलियों को संबोधित करने के लिए जा रहे थे.

कौन हैं अजित पवार?
अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के जाने-माने चेहरे रहे हैं. उन्होंने पिछले 13 सालों में पांच बार उप मुख्यमंत्री का पद संभाला. उनका जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा गांव में हुआ. शुरुआती पढ़ाई उन्होंने देवलाली प्रवर से की और माध्यमिक शिक्षा महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड से पूरी की थी. उनके पिता की मृत्यु के बाद उनकी पढ़ाई में बाधा आई थी, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से राजनीति में कदम रखा था.

अजित पवार का राजनीतिक सफर उनके परिवार से जुड़ा रहा है. वह एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बड़े भाई अनंतराव पवार के पुत्र थे. उनके चाचा शरद पवार महाराष्ट्र की राजनीति में पहले से ही बड़े नामों में से एक थे. अजित ने उनके मार्गदर्शन में राजनीति में कदम रखा और जनता के बीच दादा के नाम से लोकप्रिय हो गए. उनकी सरल छवि और मेहनत ने उन्हें पार्टी और जनता के बीच खास बना दिया था.

Add Zee News as a Preferred Source

कब हुई थी राजनिती की शुरुआत?
राजनीति में उनका आगमन 1982 में हुआ था, उस समय उनकी उम्र मात्र 23 साल थी. उन्होंने सबसे पहले एक चीनी सहकारी संस्था के चुनाव में हिस्सा लिया था. इसके बाद 1991 में वह पुणे सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष बने और इस पद पर 16 साल तक बने रहे थे. उसी वर्ष उन्होंने बारामती से लोकसभा का चुनाव जीता था, लेकिन अपने चाचा शरद पवार के लिए सीट छोड़ दी, बाद में वह महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने गए और राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत बनाने का काम किया था.

लगातार सात बार बने थे विधायक 
अजित पवार बारामती विधानसभा क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक चुने गए थे. 1991 के उपचुनाव में उनकी पहली जीत हुई थी. इसके बाद 1995, 1999, 2004, 2009 और 2014 में उन्हें लगातार चुनाव में जीत हासिल हुई थी, 2024 तक वह लगातार सातवीं बार बारामती से विधायक बने थे. उनकी लगातार जीत और जनता के बीच लोकप्रियता ने उन्हें महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण नेताओं में शुमार किया था.

उन्होंने राज्य में कई बड़े पदों पर काम किया था. 1991 से 1992 के बीच वे मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाइक की सरकार में कृषि और ऊर्जा राज्य मंत्री रहे. 1992 में जब शरद पवार मुख्यमंत्री बने, तब अजित पवार को मृदा संरक्षण, ऊर्जा और नियोजन मंत्री बनाया गया था, 1999 में कांग्रेस–एनसीपी गठबंधन के दौरान वे सिंचाई विभाग के कैबिनेट मंत्री बने. 2003 में सुशीलकुमार शिंदे के मंत्रिमंडल में उन्हें ग्रामीण विकास विभाग को अलग से संभालने का मौका मिला था.

कौन-कौन से पदों पर किया था काम?
2004 में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस–एनसीपी गठबंधन की जीत के बाद अजित पवार ने विलासराव देशमुख और अशोक चव्हाण के मंत्रिमंडल में जल संसाधन मंत्रालय संभाला था. जुलाई 2004 से नवंबर 2004 तक वे ग्रामीण विकास, जल आपूर्ति और स्वच्छता, सिंचाई मंत्री रहे थे. नवंबर 2004 से नवंबर 2009 तक वे जल संसाधन और स्वच्छता मंत्री के पद को भी संभालते थे. नवंबर 2009 से नवंबर 2010 तक उन्होंने जल संसाधन और ऊर्जा मंत्री का पद संभाला था.

अजित पवार ने नवंबर 2010 से सितंबर 2012 तक उप मुख्यमंत्री के रूप में सेवा दी थी. इसके बाद दिसंबर 2012 से सितंबर 2014 तक वे फिर उप मुख्यमंत्री रहे. उनका राजनीतिक सफर संघर्षों और विवादों से भरा रहा है, लेकिन जनता और पार्टी के बीच उनकी पकड़ कभी कम नहीं हुई. उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक खालीपन पैदा हुआ है, और उनके समर्थकों के लिए यह बेहद दुखद खबर माना जा रहा है. 

ये भी पढ़ें: यह हैवी क्रैश था… अजित पवार का प्लेन कैसे गिरा? कौन-कौन था, क्या पता चला