News in Brief

जब से सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले हैं, लखनऊ तक हलचल तेज है. आगे पंचायत चुनाव हैं. राज्य में विधानसभा चुनाव भी अगले साल होने हैं. हाल में भाजपा को स्टेट में नया प्रमुख मिला है. अब क्या होने वाला है? योगी मंत्रिमंडल में इस समय 54 मंत्री हैं, 6 सीट अब भी खाली है. योगी ने गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे टॉप नेताओं से भी मुलाकात की है. माना जा रहा है कि इन ताबड़तोड़ बैठकों में खरमास खत्म होने के बाद यूपी सरकार में आमूलचूल बदलाव करने पर आम सहमति बना ली गई है. 

हां, सियासी गलियारों में चर्चा है कि 14 जनवरी के बाद योगी सरकार में नए मंत्री शामिल हो सकते हैं और कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है. पंकज चौधरी के भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है. वह योगी के पहले कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थे. 

पहले से प्लान नहीं था दौरा

Add Zee News as a Preferred Source

बीजेपी ने पिछले महीने ओबीसी समुदाय से आने वाले महाराजगंज के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को राज्य बीजेपी प्रमुख बनाया है. एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने एक्सप्रेस से कहा, ‘कैबिनेट विस्तार पर चर्चा अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. अभी और बैठकें जरूरी हैं. यूपी के सीएम की पार्टी के टॉप नेताओं के साथ बैठकें महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए थीं.’ उन्होंने यह भी कहा कि सीएम का दिल्ली दौरा पहले से प्लान नहीं था.

बृजेश पाठक भी दिल्ली दौरे पर

इसके अलावा विकास योजनाओं और 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति पर मंथन हुआ है. यूपी में पंचायत चुनाव भी होने हैं. ऐसे में योगी का दौरा महत्वपूर्ण हो जाता है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक जिस समय योगी बीजेपी के टॉप नेताओं से मिल रहे थे, यूपी के डिप्टी चीफ बृजेश पाठक भी दिल्ली में थे. उन्होंने भी दिन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से अलग-अलग मुलाकात की. 

वैसे, यूपी कैबिनेट का विस्तार 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद से ही चर्चा में रहा है. हां, चुनाव में भाजपा ने समाजवादी पार्टी से कम सीटें जीती थीं. तब स्टेट बीजेपी के नेताओं ने कहा था कि कैबिनेट विस्तार जरूरी है लेकिन राज्य इकाई के अध्यक्ष के चुनाव के बाद होगा. शायद अब वो समय आ गया है. फिलहाल यूपी में सीएम और दो उपमुख्यमंत्रियों सहित 21 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री हैं. 

यूपी में SIR की जो कवायद चल रही है उसको लेकर भाजपा में कई तरह के फीडबैक मिले हैं. माना जा रही है कि योगी ने इस पर भी केंद्रीय नेतृत्व से बात की होगी. जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर भी बात हो सकती है. नए अध्यक्ष के साथ सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल के लिए बातचीत हुई होगी.