उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे. महाराष्ट्र की राजनीति में बाला साहेब ठाकरे का बोलबाला था. अचानक एक दिन ठाकरे का परिवार बिखर गया. बाल ठाकरे की तरह का तेवर रखने वाले भतीजे राज ने बगावत कर दी. बाल ठाकरे काफी दुखी थे. उन्होंने राज को मनाने के लिए एक मशहूर मराठी गीत की लाइनें दोहराई थीं जिसका हिंदी में अर्थ था- छोटी गौरैयों को अपने घोंसले में लौट आना चाहिए. बाल ठाकरे पर पुत्रमोह के आरोप लगे जबकि कुछ लोग राज को सियासी वारिस मान रहे थे. तब बाल ठाकरे को ‘धृतराष्ट्र’ तक कहा गया लेकिन शिवसेना के संस्थापक ने कहा था- भले ही मैं काला चश्मा पहनता हूं पर धृतराष्ट्र नहीं हूं. अब 20 साल बाद महाराष्ट्र की हवा बदली है. बाल ठाकरे नहीं हैं लेकिन राज फिर से घोंसले में लौट आए हैं? आपके मन में सवाल होगा कि उस समय ऐसा क्या हुआ था कि ठाकरे परिवार में फूट पड़ गई?
ये किस्सा 2005 के जुलाई-अगस्त का है. धवल कुलकर्णी अपनी किताब ‘ठाकरे भाऊ’ में लिखते हैं कि 14 अगस्त 2005 को पार्टी के पदाधिकारियों की बंद कमरे में बैठक हुई जिसमें शिवसेना के बड़े नेता नारायण राणे (जिनको दादा या एनटीआर बुलाया जाता था) का गुस्सा भड़क उठा. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘शिवसेना में पद खरीदे जाते हैं. पार्टी में इन पदों के लिए बाजार लगता है’. साफ था कि वह उद्धव और उनके दरबारियों के ऊपर उंगली उठा रहे थे.
अनबन का शुरुआती दौर
बाल ठाकरे और उद्धव उस बैठक में मौजूद नहीं थे. ठाकरे को जब यह बताया गया कि राणे ने क्या आरोप लगाया है तो वह बैठक में आए और उन्होंने मनोहर जोशी, राणे आदि नेताओं से पूछा कि जब उनको अपने पद पर बिठाया गया तो क्या किसी ने पैसों की मांग की थी? उन्होंने कहा कि अगर यह बात साबित हो जाती है कि उद्धव या राज ने पैसों की मांग की थी तो मैं उनको शिवसेना में नहीं रहने दूंगा और अगर मेरे खिलाफ इस तरह के आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो मैं भी शिवसेना छोड़ कर संन्यास ले लूंगा.
जून 2005 में एक मामला सामने आया था. मुंबई से 900 किमी दूर भंडारा जिले में शिवसेना के जिला प्रमुख शेषराव गिरहेपुंजे बहुत परेशान थे. संगठित प्रदर्शन के करीब चालीस मामलों में उनको स्थानीय पुलिस अफसर ने नोटिस भेजा कि वह भंडारा, नागपुर, गढ़चिरौली, चंद्रपुर और गोंदिया से दो साल के लिए दूर रहें. सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील भंडारा के गिरहेपुंजे शिवसेना के लिए 1987 से काम कर रहे थे. उन्होंने फैसला किया कि मुंबई जाकर नारायण राणे से मिलेंगे और मदद मांगेंगे. राणे उस समय नेता प्रतिपक्ष थे लेकिन उस समय विदेश जा रहे थे इसलिए उन्होंने उनको उद्धव से मिलने की सलाह दी.
सवा लाख की मछलियां मर गईं
गिरहेपुंजे ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘पुलिस मुझे फंसाना चाह रही थी. ये सभी मामले राजनीतिक थे. जब मैं मातोश्री गया तो मुझे बताया गया कि उद्धव एक मीटिंग में थे. कुछ दिन बाद जब मैं दोबारा मिलने के लिए गया तो वहां मौजूद एक पुलिस वाले ने बताया कि उद्धव ने विदेश से 1.25 लाख की मछलियां मंगावाई थीं जो मर गई थीं और इस कारण वह इतने दुखी थे कि किसी से मिलना नहीं चाहते थे.’ वापस आने पर राणे ने गिरहेपुंजे से यह कहानी सुनी.
उस समय के पत्रकार संदीप प्रधान ने बताया कि राणे ने पत्रकारों को इस घटना के बारे में बताया और इस आधार पर यह कहा कि किस तरह से सामान्य कार्यकर्ताओं की पार्टी नेतृत्व द्वारा अनदेखी की जाती थी. उद्धव ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया और कहा कि यह उनको बदनाम करने के लिए किया जा रहा था….गिरहेपुंजे का कहना है कि इस घटना के बाद राणे ने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया….
बाद में, राणे पार्टी प्रमुख से मिले और उनको शिवसेना, नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा से अपना इस्तीफा सौंप दिया. राणे का कहना है कि जब उद्धव को इस बारे में पता चला कि उनके पिता राणे के साथ समझौता करने की कोशिश कर रहे थे तो उद्धव ने धमकी दी कि वह अपनी पत्नी रश्मि के साथ मातोश्री छोड़ देंगे. धवल कुलकर्णी लिखते हैं कि इस कारण सेना प्रमुख का संकल्प कमजोर पड़ गया क्योंकि वह एक बेटे को पहले ही खो चुके थे और एक उनसे अलग रहता था.
28 जून 2005 को राणे अपने चुनाव क्षेत्र सिंधुदुर्ग जाने के लिए गोवा गए. करीब 250 गाड़ियों के काफिले में उनके समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया. वे नारे लगा रहे थे, ‘नारायण राणे अंगार है, बाकी सब भंगार है’. कहा जाता है कि राणे ने अपने समर्थकों को संबोधित किया और उद्धव के कामकाज के तरीकों को लेकर अपना गुस्सा प्रकट किया. इस बीच, पार्टी कार्यकर्ताओं से बाल ठाकरे ने कहा कि वे ऐसी अफवाह पर ध्यान न दें जो पार्टी को तोड़ने वाली हो. उन्होंने कहा कि राणे पक्के शिवसैनिक हैं जो शिवसेना को कभी धोखा नहीं देंगे. 2 जुलाई को राणे ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और शिवसेना से इस्तीफे की घोषणा कर दी. उन्होंने कहा कि वह इसलिए पार्टी छोड़ रहे हैं क्योंकि पार्टी के वरिष्ठजन उनसे खुश नहीं हैं. वह इसके बावजूद शिव सैनिक ही बने रहेंगे.
उसी शाम बाल ठाकरे ने बांद्रा के रंगशारदा हॉल में राणे को पार्टी से निकाले जाने की घोषणा की. शिवसेना प्रमुख ने आरोप लगाया कि राणे ने पार्टी के साथ धोखा किया था. उन्होंने राणे को चुनौती दी कि अगर उनके अंदर आत्मसम्मान है तो वे विधायक पद का त्याग करके दिखाएं और कहा कि वह इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे. एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के अनुसार राणे नेता प्रतिपक्ष के रूप में इस बात से सहज महसूस नहीं कर रहे थे कि पार्टी के विधायक दल में गोरेगांव के विधायक सुभाष देसाई का दबदबा बढ़ता जा रहा था. ऐसी अफवाह थी कि उद्धव अंत में राणे के स्थान पर देसाई को नेता प्रतिपक्ष बनाने वाले थे.
राज ठाकरे सामने आए
मीडिया की रपटों के अनुसार बाल ठाकरे ने 6 जुलाई को एक आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें 52 विधायक मौजूद थे. राज ने सुझाव दिया कि पार्टी में असंतोष को कम करने के लिए उद्धव को कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. कुछ विधायकों ने यह भी सुझाव दिया कि दोनों भाइयों के बीच शांति स्थापित करने के लिए मनोहर जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया जाए.राणे ने यह दावा किया कि पार्टी के सम्मेलनों में बोलने के कारण उद्धव उनको परेशान करते थे और यह कि वे ऐसे लोगों को पेश कर सकते थे जिन लोगों ने पिछले चुनाव में पार्टी के टिकट के लिए पैसे दिए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव का निजी सचिव सौदेबाजी किया करता था.
एक पत्रिका में छपा कि जब बाल ठाकरे ने उद्धव को शिवसेना का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया तो राणे और उसके समर्थकों ने सार्वजनिक रूप से इसका मखौल उड़ाया. राणे ने कहा, ‘राज ठाकरे के जन्मदिन के दिन उनके कट आउट लगाए गए तो उनको निकालना पड़ा… राज ठाकरे को भी मेरी तरह ही सताया जाता रहा है.’ उन्होंने बाल ठाकरे के ऊपर यह आरोप भी लगाया कि उनके लिए पुत्र मोह सबसे ऊपर है.
राणे ने अपने समर्थकों से कहा कि वे किसी राजनीतिक दल में नहीं जाएंगे और राजनीति से संन्यास ले लेंगे लेकिन राज ठाकरे के सहयोगी बाला नांदगांवकर के नेतृत्व में 38 विधायकों ने राणे से अनुरोध किया कि वह अपने फैसले पर फिर से विचार करें. अंत में, राणे को शिवसेना के दस विधायकों का समर्थन हासिल हुआ. राणे को एनसीपी, कांग्रेस और यहां तक कि भाजपा ने भी लुभाने की कोशिश की लेकिन राणे कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. कांग्रेस में जाने का कारण यह था कि पार्टी के पास मुख्यमंत्री का पद था और पार्टी का आलाकमान विलासराव देशमुख को मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहता था.
राणे का राज पर दावा
राणे ने एक सनसनीखेज बयान दिया कि जुलाई 2005 में उनके पार्टी छोड़ने के बाद एक रात राज उनके घर आए और बोले कि वह भी पार्टी छोड़ना चाहते थे. राज ने उनको सुझाव दिया कि उनको मिलकर काम करना चाहिए और एक नई पार्टी शुरू करनी चाहिए, जिसमें उनके जो वफादार शिव सैनिक हैं वे भी शामिल हो जाएंगे. हालांकि राणे ने मना कर दिया, क्योंकि वह जानते थे कि ठाकरे परिवार के लोग किस तरह से काम करते थे और वह अब उनमें से किसी के साथ काम नहीं करना चाहते थे.
राज ठाकरे के एक सहयोगी ने दावा किया, ‘राणे राज के संपर्क में थे, वह जोर दे रहे थे कि दोनों को शिवसेना एक साथ छोड़ देनी चाहिए जबकि राज चाहते थे कि पार्टी में रहकर संघर्ष किया जाए. राणे ने शिवसेना में बने रहने से इनकार कर दिया क्योंकि पानी उनके सिर के ऊपर आ चुका था.’ राज भी पार्टी में अलग-थलग महसूस कर रहे थे, लेकिन वह राणे के साथ नहीं जा सकते थे जिनको पार्टी के लोग गद्दार बुलाते थे. इससे ठाकरे की विरासत का उनका दावा कमजोर पड़ जाता, न ही वह किसी के मातहत रहकर काम कर सकते थे.
उद्धव के आगे राज की नहीं चलती थी
विजय वदेत्तिवार उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रहे. उनका कहना था कि राज और राणे संपर्क में तो थे लेकिन यह कहना मुश्किल है कि दोनों में पहल किसने की थी. दोनों खुश नहीं थे, दोनों के दुख का कारण भी एक था. हालांकि दोनों के पास यह कहने के अपने-अपने कारण थे कि दूसरे ने पहले हाथ बढ़ाया, जो जाहिर है कुछ समय के लिए ही रहा. उद्धव के मीडिया सलाहकार हर्षल प्रधान ने अपनी किताब में लिखा है कि यह महज संयोग नहीं था कि राज और राणे दोनों ने कुछ महीने के भीतर ही पार्टी छोड़ दी. प्रधान का दावा था कि दोनों को यह बात समझ में आ गई थी कि 2003 में उद्धव के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से पार्टी में उनकी अधिक चल नहीं सकती थी और वे अपनी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा नहीं कर सकते थे.
एक और बड़े असंतुष्ट नेता छगन भुजबल के विपरीत जिनको शिवसेना के गुस्से का सामना करना पड़ा था, राणे ने ही इस दिशा में पहल की….उस समय ऐसा लग रहा था कि शिवसेना दबी हुई थी, राणे के लोग पार्टी के दफ्तरों पर हमला कर रहे थे. सेना अपने द्वारा ही आगे बढ़ाए गए लोगों के निशाने पर आ गई थी. एक लेख में कहा गया था कि ऐसा लग रहा था कि पार्टी भस्मासुर बन गई थी. महाराष्ट्र के एक पूर्व कैबिनेट मंत्री ने याद करते हुए बताया कि जब राज्य विधानसभा के परिसर में दो विधायक राणे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, वे दोनों पर पिल पड़े थे लेकिन विदर्भ से कांग्रेस के एक विधायक ने उनको रोका.
शिवसेना के नेता याद करते हुए बताते हैं कि अविश्वास का माहौल बन गया था, जिसमें एक आदमी दूसरे पर इस वजह से भरोसा नहीं करता था कि कहीं वह राणे का आदमी न हो. राणे ने मीडिया के सामने शेखी बघारते हुए बताया कि बांद्रा के रंगशारदा हॉल में जब शिवसेना की बैठक हो रही थी तो कुछ लोग राणे के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे. राणे के समर्थकों ने पांच सितारा होटलों में, बृहनमुंबई विद्युत आपूर्ति और बेस्ट (BEST) के मजदूर संघों के ऊपर भी कब्जा जमाने की कोशिश की, जहां शिवसेना की संघ थीं और जिन दिनों राणे बीएमसी के पार्षद थे तो वे इनके अध्यक्ष रह चुके थे. उन्होंने प्रभादेवी में सामना के दफ्तर के सामने जनसभा करके शिवसेना को उसके गढ़ में ही चुनौती दी.
पार्टी में और टूट न हो इसलिए शिवसेना ने अपने विधायकों को एक उपनगरीय पांच सितारा होटल में रखा. उनकी रखवाली में पुलिस के अलावा शिवसेना के कार्यकर्ताओं का एक घेरा भी लगाया गया कि कहीं वे भाग न जाएं या उनकी खरीद-फरोख्त न हो जाए. राणे जब नेता प्रतिपक्ष थे तो विधायकों को बड़ी सख्ती से काबू में रखते थे. उन्होंने अपनी पूर्व पार्टी को झटका देने के लिए 25 विधायकों की सदस्यता अयोग्य कहे जाने की मांग की. बाद में, राणे ने नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया और रत्नागिरी में खेड़ से विधायक रामदास कदम को उनके स्थान पर नेता प्रतिपक्ष बनाया गया. 1991 की तरह भाजपा यह देख रही थी कि राणे के जाने से शिवसेना के विधायकों की संख्या उसके विधायकों से कम तो नहीं हो गई थी.
सेना इसको लेकर भी कड़ी मेहनत कर रही थी कि बीएमसी के पार्षद राणे के पक्ष में न जाएं. बाल ठाकरे और उद्धव ठाकरे दोनों अपने कुनबे को बचाए रखने के लिए भावनात्मक अपील कर रहे थे. जनवरी 2006 में सामना को दिए एक इंटरव्यू में बाल ठाकरे ने यह दावा किया कि राणे ने एक बार यह माना था कि अगर वह शिवसेना में शामिल नहीं हुआ होता तो पुलिस इनकाउंटर में मारा गया होता.
राज के घर गए बाल ठाकरे
26 जुलाई 2005 को मुंबई में भयानक बारिश हुई, शहर जैसे थम गया. रेल और सड़क दोनों मार्ग से आवागमन प्रभावित हुआ. शहर में रिकॉर्ड 944 मिलीमीटर बारिश होने के कारण लोग या तो दफ्तरों में फंसे हुए थे या सड़कों पर. बिजली गुल हो गई थी और बाढ़ के कारण से मुंबई से आने जाने वाली हवाई सेवाएं प्रभावित हुई थीं. 500 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हुई. कलानगर (जहां मातोश्री था) नीचा इलाका था और वहां भी बाढ़ आ गई थी. बाल ठाकरे रहने के लिए राज ठाकरे के घर दादर चले गए. नागरिक सुविधाओं की कमी के लिए शिवसेना के नियंत्रण वाली बीएमसी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा.
राज के करीबी वरिष्ठ पत्रकार वागीश सारस्वत ने बताया कि राज को कहीं हल्की सी उम्मीद यह थी कि जब अपने उत्तराधिकारी के चुनाव की बात आएगी तो शायद बालासाहेब उन्हें ही चुनेंगे. हालांकि जिस दौरान बालासाहेब उनके घर में थे उस दौरान उनको यह समझ में आ गया कि उन्हें बहुत गलतफहमी हो गई थी. शायद इस वजह से ही उन्होंने शिवसेना छोड़ने का निर्णय लिया….
राज ठाकरे का कोंकण दौरा
कोंकण क्षेत्र के मराठी मानुसों की तादाद मुंबई में बहुत अधिक है. कोंकण क्षेत्र के बारे में कभी कहा जाता था कि वहां मनीऑर्डर अर्थव्यवस्था थी क्योंकि वहां का जीवन रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के विस्थापितों के सहारे चल रहा था, जिनमें से अधिकतर मुंबई में बड़ी-बड़ी नौकरियों में थे. हालांकि पर्यटन, प्रसिद्ध अलफांसो आम और समुद्री मछली पालन के कारण वहां के हालात बदल गए, वहां की समुद्री रेखा का मुंबई के साथ गहरा भावनात्मक नाता रहा है. मुंबई में रहने वाले कोंकणी लोगों का अपनी मिट्टी के प्रति गहरा लगाव रहा है. जैसा कि कोंकण के लोग गर्व से बताते हैं कि जिस तरह का फैशन मुंबई में आता है तुरंत उनके कोंकण में भी पहुंच जाता है इसलिए शिवसेना का राणे के लिए कोंकण छोड़ने का मतलब था कि मुंबई में भी उसका असर पड़ता.
उस इलाके के ऊपर नियंत्रण रखने के खयाल से पार्टी ने राज ठाकरे का सहारा लिया. उन्होंने वहां आई बाढ़ के दौरान 9 अगस्त 2005 से कोंकण क्षेत्र का दौरा शुरू कर दिया लेकिन सिंधुदुर्ग के पुलिस अधीक्षक केएमएम प्रसन्ना के कहने पर उनको बीच में ही वापस आ जाना पड़ा क्योंकि कानून व्यवस्था का संकट खड़ा हो सकता था.
हाजी अशरफ शेख के हवाले से धवल लिखते हैं कि वह शिवसेना का मुश्किल दौर था और हम गाड़ियों में भर-भर के कोंकण की तरफ चल पड़े. हमारे काफिले में मुस्लिम इलाकों जैसे बहरामपाड़ा, भेंडि बाजार और गोवंदी के समर्थक भी शामिल थे. हम मुख्य काफिले से कुछ किलोमीटर आगे यह देखने के लिए चल रहे थे कि सब कुछ ठीक-ठाक है या नहीं. हालांकि हम सिंधुदुर्ग से वापस आ गए क्योंकि पुलिस का कहना था कि इसकी प्रतिक्रिया जबरदस्त हो सकती थी.
हलचल बढ़ी और…
दोनों भाइयों के बीच मतभेद की खबरों के बीच बालासाहेब ठाकरे ने मनोहर जोशी और संजय राउत की उपस्थिति में 17 अगस्त को राज और उद्धव ठाकरे से भेंट की. सामना के पहले पन्ने पर तस्वीर छपी थी जिसका शीर्षक था हम साथ-साथ हैं. बाल ठाकरे ने बयान जारी किया कि अच्छी बातचीत के बीच आपसी गलतफहमी दूर हो गई और इसके बाद से राज, उद्धव और दूसरे नेता मिल-जुलकर फैसले लेंगे. उन्होंने गुटबंदी के खिलाफ चेतावनी दी. 26 अगस्त को उद्धव और राज ने संयुक्त बयान जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि शिव सैनिक अलगाव की आधारहीन खबरों के ऊपर विश्वास नहीं करेंगे.
शिवसेना के लिए परीक्षा की घड़ी तब आई जब राणे ने शिवसेना के विधायक के रूप में मालवन विधानसभा क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया और वहां से उपचुनाव की घोषणा हुई. शिवसेना ने परशुराम उपरकर को उम्मीदवार बनाया जो पहले राणे के ही साथी थे और चुनाव अभियान में शिवसेना ने अपने सबसे धारदार हथियार को लगा दिया- शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे को. बाल ठाकरे उस समय अपनी ढलती उम्र और खराब स्वास्थ्य के बावजूद चुनाव क्षेत्र में आए. राज ठाकरे के एक पूर्व सहयोगी ने बताया कि वे बहुत मुश्किल दिन थे क्योंकि राणे के लोगों को जो जी में आए करने की छूट थी. उन लोगों ने इस बात को पक्का किया कि शिवसेना के नेताओं को कोई होटल न मिले या यहां तक कहीं रहने-खाने का कोई ठिकाना भी न मिले. मराठवाड़ा के चार शिवसेना विधायकों की पहचान के बारे में जैसे ही पता चला, अगले ही दिन उनको होटल खाली करने के लिए कहा गया. पेट्रोल पम्प पर शिवसेना के नेताओं की गाड़ियों में पेट्रोल भी नहीं दिया जाता था.
एक चुनाव ने बदला गेम
सिंधुदुर्ग जिले के एक वरिष्ठ पत्रकार का यह दावा था कि जब राज प्रचार के लिए आए तो सड़क के किनारे खड़े राणे के समर्थक नारा लगते थे ये अंदर की बात है राज हमारे साथ है. राज ने प्रचार किया और कणकवली में एक जनसभा को संबोधित भी किया लेकिन उन्होंने अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी. उनका कहना था कि उनकी पीठ में दर्द हो गया था. बाल ठाकरे ने कहा कि वह अब सलाहकार की भूमिका में थे, अधिकतर फैसले उद्धव ही लेते थे. मालवन के एएसडी टोपीवाला हाई स्कूल मैदान में बाल ठाकरे ने जनसभा में मतदाताओं से अपील की कि वे शिवसेना के साथ बने रहें, लेकिन कोई असर नहीं हुआ.
22 नवंबर 2005 को जब चुनाव परिणामों की घोषणा की गई तो राणे ने उपरकर को 78,616 मतों से पराजित किया. राणे के विरोधी को महज 15,224 मत आए थे और भी अपमानजनक यह था कि शिवसेना के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई. शिवसेना छोड़ने के दो साल बाद राज ने एक सनसनीखेज दावा किया.
29 अक्टूबर 2007 को एक जनसभा में बोलते हुए राज ने दावा किया कि उप चुनाव के दौरान उनको मारने की योजना बनाई गई थी. राज का कहना था कि उनको पुलिस अधिकारी ने यह चेतावनी दी थी कि उनकी जान को खतरा था, जिसके कारण वह प्रचार अभियान बीच में ही छोड़कर वापस मुंबई लौट गए थे. बाल ठाकरे ने इस दावे को बेबुनियाद बताया. उन्होंने इसको दुर्भाग्यपूर्ण बताया और यह सवाल उठाया कि राज इस तरह की घटिया बात कैसे कर सकता था. हालांकि राज के सहयोगियों का कहना था कि यह घटना शिवसेना के साथ राज के रिश्तों की आखिरी कड़ी साबित हुई. इसके बाद उन्होंने शिवसेना छोड़ने का फैसला लिया.
27 नवंबर 2005 को राज ठाकरे ने शिवाजी पार्क स्थित अपने घर कृष्णकुंज के बाहर अपने समर्थकों को संबोधित किया. ‘मेरा झगड़ा विठ्ठल से नहीं उनके आसपास के पुजारियों से है.’ जब उन्होंने कहा तो उनके हजारों समर्थक तालियां बजाते हुए नारा लगाने लगे- राज साहब आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं. आगे राज ठाकरे ने घोषणा की – कुछ लोग हैं जो राजनीति का एक अक्षर नहीं समझते हैं इसलिए मैं शिवसेना से इस्तीफा दे रहा हूं. बालासाहेब ठाकरे मेरे देवता थे, हैं और बने रहेंगे.
इससे पहले शिवसेना के नेताओं की एक बैठक जो बाल ठाकरे ने बुलाई थी राज उसमें शामिल नहीं हुए थे. अपने समर्थकों को संबोधित करने से पहले उन्होंने चाचा को फैक्स से एक पत्र भेज दिया जिसमें उन्होंने पार्टी के पदों से इस्तीफा दिया था और पिछले तीन साल के दौरान चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर सवाल उठाया था. राज के एक निजी दोस्त और बाद में उनके साथ मनसे में शामिल होने वाले व्यक्ति ने बताया कि शिवसेना छोड़ने के बाद राज बहुत भावुक हो गए थे. यहां तक कि बंद दरवाजों के पीछे होने वाली बैठकों में वह रोने भी लगते थे. उनका कहना था कि राज ने पिछले सालों में मतभेदों को दूर करने की जितनी कोशिशें की थीं सब बेअसर रहीं. राज के करीबी एक वरिष्ठ संपादक ने बताया कि राज के लिए वह दौर बहुत दुखदायी था. उसके दुख का एक प्रतिशत कारण शिवसेना से अलग होना था लेकिन 99 प्रतिशत कारण अपने चाचा से हुई अनबन थी.
कहा जाता है कि राज का इस्तीफा पत्र संजय राउत ने तैयार किया था. पत्र की भाषा संतुलित थी और उसमें पार्टी छोड़ने संबंधी कारणों को बताया था. बालासाहेब ने पत्र पर एक नजर डाली और संजय राउत से बोले कि यह तुम्हारा काम है!
