Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ वालों के लिए आज का दिन काफी खास है क्योंकि आज चंढीगढ़ को 32वां मेयर मिलेगा. मेयर के निर्वाचन के तुरंत बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर का चुनाव कराया जाएगा, चंढीगढ़ के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब हाथ उठाकर मेयर चुना जाएगा, यानि की पार्षद मतदान के बजाए हाथ उठाकर फैसला करेंगे. नगर निगम सदन में कुल 36 वोट हैं, जिनमें 35 पार्षदों और एक सांसद का वोट शामिल है.
किसने किसको मैदान में उतारा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मेयर के लिए सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर के लिए जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर के लिए सुमन शर्मा को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने गुरप्रीत सिंह गाबी, सचिन गालव और निर्मला देवी को मैदान में उतारा है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने डिप्टी मेयर के लिए योगेश ढींगरा, मनुआर खान और जसविंदर कौर को उम्मीदवार बनाया है. बता दें कि भाजपा के पास 18 पार्षद हैं, आम आदमी पार्टी के पास 11 और कांग्रेस के पास सात पार्षद हैं. कांग्रेस के खाते में सांसद का एक अतिरिक्त वोट भी है.
पहली बार होगा ये काम
नगर निगम के असेंबली हॉल में मेयर चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी. जिसके बाद नतीजे जारी किए जाएंगे. बता दें कि चंढीगढ़ में हर साल मेयर का चुनाव होता है. चंडीगढ़ में कुछ बदलावों के साथ पंजाब नगर निगम ऐक्ट-1976 को लागू किया गया है. इस एक्ट के मुताबिक पंजाब में मेयर का कार्यकाल पांच साल का होता है हालांकि चंडीगढ़ म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन में मेयर का कार्यकाल 1 साल का होता है. हालांकि यहां पर मेयर का कार्यकाल बढ़ाने की लगातार मांग की जा रही है. इस बार के मेयर चुनाव में सबसे बड़ी बात ये है कि इस बार फैसला हाथ उठाकर किया जाएगा, यानि की पार्षद वोट देने के बजाए हाथ उठाकर फैसला करेंगे.
कौन चुना गया था मेयर
अगर हम साल 2025 की बात करें तो BJP की हरप्रीत कौर बबला फरवरी 2025 के चुनाव में मेयर पद पर जीत हासिल की थी. उन्होंने AP को चुनावी मैदान में हराया था. इस बार के चुनाव में भी बीजेपी की बढ़त दिखाई दे रही है.
