News in Brief

Fazilka farmer amritpal return from pakistan: फाजिल्का के किसान अमृतपाल अब पाकिस्तान से वापस लौटने वाले हैं. आठ महीने पहले वह गलती से पाकिस्तान की सीमा पार कर गए थे. अब उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है और किसी भी समय वह फाजिल्का लौट सकते हैं.

अमृतपाल 21 जून 2025 को अपने खेत में चूहों को मारने वाली दवा का छिड़काव कर रहे थे. दवा के असर और चाय पीने के बाद उन्हें चक्कर आए और वह बेहोशी की हालत में गलती से पाकिस्तान की सीमा में दाखिल हो गए थे. उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था.

एक महीने की जेल और 50 हजार रुपये जुर्माना
पाकिस्तान की अदालत ने अमृतपाल को एक महीने की जेल और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. यह सजा पूरी हो चुकी है. हाल ही में पाकिस्तान की जेल में बंद पंजाब के 7 अन्य लोगों की रिहाई के बाद उनकी एंबेसी क्लियर हो गई थी. इसी क्रम में अमृतपाल की रिहाई भी एंबेसी द्वारा शुक्रवार को क्लियर कर दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

अमृतपाल पिछले समय से पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में बंद थे. उनकी गिरफ्तारी के बाद से भारतीय सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय प्रशासन लगातार पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क में थे. फ्लैग मीटिंग और कूटनीतिक बातचीत के जरिए उनकी रिहाई के प्रयास जारी थे. रिहाई की खबर मिलते ही फाजिल्का सेक्टर में सुरक्षा और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है.

अमृतपाल के परिवार ने राहत की सांस ली है. उनके पिता जगराज सिंह के अनुसार 4 फरवरी को अमृतपाल ने जेल से फोन किया और बताया कि उनकी एंबेसी क्लियर हो चुकी है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय कैदियों को हर बुधवार 20 मिनट के लिए परिवार से बात करने की अनुमति होती है. इसी बातचीत के दौरान अमृतपाल ने परिवार को हालात की जानकारी दी और जल्द रिहाई की उम्मीद जताई है.
ये भी पढ़ें: UK के राजदूत का एपस्टीन विवाद में नाम आने से बढ़ा बवाल, PM स्टार्मर के ‘राइट हैंड’ ने दिया इस्तीफा