
नई दिल्ली: राजधानी में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने अद्भुत साहस का परिचय दिया और जख्मी होने के बावजूद बदमाशों को धर दबोचा. ये घटना दिल्ली के आदर्श नगर इलाके की है. सोमवार सुबह चैन स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम देकर भाग रहे स्नैचर ने अपनी बाइक से कॉन्स्टेबल को जोरदार टक्कर मार दी. कॉन्स्टेबल का एक पैर जख्मी हो गया और पैर की हड्डी में चोट लगी, लेकिन घायल होने के बावजूद सिपाही ने एक बदमाश को पकड़ लिया.
इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने दूसरे बदमाश को पकड़ा. इस घटना में घायल हुए कॉन्स्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
एक ही दिन में चार वारदातों को अंजाम दे चुके थे बदमाश
पुलिस की जांच के मुताबिक, दोनों बदमाश उस दिन चार वारदातों को अंजाम दे चुके थे. इनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन और सदर बाजार से चुराई गई बाइक भी बरामद की है. घायल सिपाही का हाल जानने के लिए नॉर्दर्न रेंज के जॉइंट सीपी सुरेंद्र सिंह यादव भी पहुंचे और उनके जज्बे की प्रशंसा की.
LIVE TV
बाइक से कॉन्स्टेबल को मारी जोरदार टक्कर
नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी उषा रंगनानी के मुताबिक, 31 मई की सुबह पुलिस को आदर्श नगर इलाके में दो स्नैचिंग की वारदात होने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही इलाके में गश्त कर रहे सभी पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए. इसी दौरान पता चला कि बदमाश बाइक से मुकुंदपुर की ओर भाग रहे हैं.
पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की बाइक का रंग और बदमाश के पहने कपड़े के बारे में सभी पुलिसकर्मियों को वायरलेस से जानकारी दी. उधर, इस सूचना के बाद सिपाही अश्विनी और मांगेराम अलर्ट हो गए और बदमाशों के आते ही अश्विनी ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश ने अपनी बाइक से अश्विनी को जोरदार टक्कर मार दी. घायल होने के बावजूद अश्विनी ने बाइक चला रहे बदमाश को दबोच लिया जबकि दूसरा बदमाश भागने लगा, जिसे एएसआई मांगेराम ने दबोच लिया. वहां पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल कॉन्स्टेबल अश्विनी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया.
ये भी पढ़ें: पुलिस लाइन से बुलेट के टायर चोरी, थानेदार ही निकला चोर, पहुंचा सलाखों के पीछे
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बवाना के जेजे कालोनी निवासी समीर और शिवा के रूप में हुई है. जांच में पता चला कि आदर्श नगर से पहले बदमाशों ने केशवपुरम और शालीमार बाग में झपटमारी की वारदात को अंजाम दे चुके थे.
