News in Brief

भाजपा में ‘नबीन प्रयोग’ के बाद नए साल के पहले महीने में ही बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है. जी हां, आने वाले कुछ दिनों में ही सत्ताधारी भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन में आमूलचूल बदलाव की तैयारी में है. इसकी शुरुआत नवनियुक्त बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन (45) को औपचारिक रूप से पार्टी प्रमुख चुने जाने से हो सकती है. और यह सब जनवरी के मध्य में होने की संभावना है. 

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी के सबसे बड़े संगठनात्मक पद पर काबिज होने वाले सबसे युवा नेता नबीन अब औपचारिक रूप से जेपी नड्डा की जगह ले सकते हैं. नड्डा जनवरी 2020 से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं. नबीन पांच बार बिहार के विधायक और मंत्री रह चुके हैं. पार्टी सूत्रों ने बताया है कि नबीन के चुनाव को बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद अपनी बैठक में मंजूरी देगी. इसके महीने के अंत तक होने की उम्मीद है. 

कैबिनेट तक होगा बदलाव

Add Zee News as a Preferred Source

पार्टी सूत्रों की मानें तो बीजेपी प्रमुख का पद संभालने के बाद नबीन अपनी नए टीम बनाने के लिए संगठन में बड़ी फेरबदल करेंगे. यह एक समावेशी प्रक्रिया हो सकती है. भाजपा के एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, ‘नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की टीम में बीजेपी और संघ परिवार के बीच तालमेल और समन्वय दिखने की उम्मीद है.’ पार्टी के अंदरूनी सूत्र ने एक्सप्रेस को यह भी बताया है कि भाजपा के संगठनात्मक रैंक में बड़े बदलाव होने का असर केंद्रीय कैबिनेट पर भी हो सकता है. जून 2024 में गठन के बाद से कैबिनेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है. 

जाट नेताओं संख्या बढ़ेगी

सूत्रों ने बताया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के कामकाज की समीक्षा कर रही है. जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल होने की उम्मीद है. इसमें युवा या कहें कि दूसरी पंक्ति के नेतृत्व के साथ-साथ जाट समुदाय के चेहरों को भी शामिल किया जा सकता है. जाट समुदाय के नेताओं के सरकार और संगठन में कम प्रतिनिधित्व को लेकर केंद्रीय नेतृत्व विचार कर रहा है. 

निकायों और विभागों में भी नियुक्तियां होंगी!

सूत्रों ने बताया कि भाजपा और संघ, पार्टी शासित राज्य सरकारों के कामकाज की समीक्षा कर रहे हैं और संगठन, सरकार या अर्ध-सरकारी निकायों (आयोग भी) में कुछ नई नियुक्तियों पर बात चल रही है. एक पार्टी नेता ने कहा, ‘इससे कई राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं के लिए केंद्रीय स्तर पर संगठन या सरकारी भूमिका में आने का मार्ग प्रशस्त होगा, खासकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय से संघ परिवार से जुड़े हुए हैं.’

इन राज्यों में नए चेहरे

बीजेपी नेता ने कहा कि ऐसे कई नेताओं को बिहार जैसे राज्यों के साथ-साथ उन राज्यों में भी जगह दी जाएगी जहां आने वाले महीनों में चुनाव होने वाले हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल, असम, केरल और उत्तर प्रदेश शामिल हैं. इनमें वे लोग भी शामिल हैं जो अपनी पूरी पब्लिक लाइफ में पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं. 

सूत्रों ने बताया कि बीजेपी और आरएसएस की हाल की बैठकों के दौरान संघ ने इस बात पर जोर दिया कि जिन नेताओं ने तीन-चार दशकों से संघ परिवार के साथ काम किया है, लेकिन उन्हें संगठन, सरकार या किसी दूसरे पब्लिक संस्थानों में जगह नहीं मिली है, उन्हें पहचान कर वहां शामिल किया जाना चाहिए. नवीन इस काम को कोऑर्डिनेट करने वाले सीनियर बीजेपी नेताओं के ग्रुप में से एक हैं. 

बीजेपी सूत्रों ने कहा, ‘हमारा फोकस उन लोगों को अहम रोल देने पर है जिन्होंने बीजेपी और संघ के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है. यह काम जारी है लेकिन घोषणाओं के लिए कुछ ही मौके होंगे.’ सूत्रों ने आगे कहा, ‘ज्यादातर अहम नियुक्तियां मकर संक्रांति के बाद से लेकर बजट सत्र शुरू होने तक होने की उम्मीद है, जो फरवरी की शुरुआत में शुरू होगा. इस प्रक्रिया के लिए एक और समय सीमा आने वाले राज्य चुनावों की घोषणा से पहले होने की संभावना है.’