West Bengal elections 2026: पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मालदा में अपनी रैली के दौरान मुर्शिदाबाद में बार-बार होने वाली हिंसा का मुद्दा उठाया. मोदी ने इसे ‘जनसांख्यिकीय असंतुलन’ और घुसपैठ से जोड़ा और कहा कि यही कारण है कि राज्य के कुछ जिलों में सांप्रदायिक और स्थानीय तनाव बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने रैली में कहा कि घुसपैठ से स्थानीय संस्कृति और भाषा पर असर पड़ रहा है और इसी वजह से मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे जिलों में दंगे बढ़ रहे हैं. आपको घुसपैठियों और सत्ता में बैठे लोगों के गठजोड़ को तोड़ना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि ‘डेमोग्राफिक संतुलन’ कई जगह बिगड़ रहा है और इसके लिए TMC के सिंडिकेट जिम्मेदार हैं.
पीएम मोदी ने TMC पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने बेलडांगा में मीडियाकर्मियों पर हमलों के लिए भी TMC को दोषी ठहराया और कहा कि एक महिला पत्रकार के साथ बदतमीजी हुई. उन्होंने कहा कि बंगाल में महिलाओं की दुर्दशा पर कोई ध्यान नहीं देता. प्रधानमंत्री ने मतुआ और नामाशूद्र समुदायों को भरोसा दिलाया कि संविधान ने उन्हें राज्य में रहने का अधिकार दिया है और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) उन्हें सुरक्षा प्रदान करता है.
BJP को उत्तर 24 परगना और नदिया के मतुआ इलाकों में आंतरिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है जहां पार्टी के सांसद और विधायक अलग-अलग आवाज में बोलते रहे और समुदाय ने कथित उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन किया. TMC प्रमुख ममता बनर्जी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इन इलाकों का दौरा कर तनाव कम करने की कोशिश की है. प्रधानमंत्री ने TMC पर भ्रष्टाचार और बाढ़ राहत में लूटपाट के आरोप भी लगाए और कहा कि उद्योग और कृषि में निवेश की कमी से पलायन बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां आयुष्मान भारत का लाभ पूरी तरह नहीं मिल रहा.
ये भी पढ़ें: मां काली से मां कामाख्या मंदिर तक आस्था की रेल! PM मोदी ने दिखाई पहली वंदे भारत स्लीपर को हरी झंडी
रैली के दौरान मोदी ने हावड़ा और कामाख्या के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और 3250 करोड़ रुपये की रेल एवं सड़क संरचना परियोजनाओं का उद्घाटन किया. कुछ हफ्ते पहले संसद में मोदी के बंकिम-दा संबोधन के बाद TMC ने आरोप लगाया था कि मोदी और BJP बंगाल की संस्कृति से अजनबी हैं. पीएम मोदी ने इसे नकारते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का दावा किया.
