
Gautam Khaitan: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के वकील गौतम खेतान की याचिका पर सुनवाई करते हुए टिप्पणी की है. गौतम खेतान अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे है. आज सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि उनकी याचिका में इस कानून के कुछ प्रावधानों सेक्शन 44(1)(c) को भी चुनौती दी है.
कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि PMLA के जिस प्रावधान की वैधता को वो चुनौती दे रहे है, वो पहले से ही मामला सुप्रीम कोर्ट में पेंडिग है. जिस पर मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत ED को मिले विशेषाधिकारों की कोर्ट समय आने पर समीक्षा करेगा.सु्प्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि अमीर लोग जब मुकदमेबाजी में फंसते है तो मुकदमे का सामना करने के बजाए क़ानून की वैधता को चुनौती देने लगते है, ये एक ट्रेंड बन गया है. SC ने याचिकाकर्ता से कहा कि आप भी आम इंसान की तरह मुकदमें का सामना कीजिए.
क्या है अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला?
अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर घोटाले को वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाला भी कहा जाता है, जो एक भ्रष्टाचार का मामला है. दरअसल, भारत सरकार ने 12 अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टरों की खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन इस सौदे को पक्का करने के लिए सैन्य अधिकारियों और कुछ राजनेताओं पर बिचौलियों को कथित तौर पर रिश्वत देने के आरोप है. ये मामला 2012 में सामने आया था, जिसके चलते 2014 में इस सौदे को रद्द कर दिया गया था. सबसे पहले यह घोटाला इटली में सामने आया था. इस घोटाले में दो लोगों पर आरोप है जिसमें पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी और कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल शामिल हैं.

