Kathua Encounter: जम्मू-कश्मीर के कठुआ के बिलावर इलाके में एक पाकिस्तानी आतंकी ढेर होने से सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है.कठुआ के बिलावर इलाके में एक पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान भारतीय सुरक्षाबलों की कार्रवाई में ढेर कर दिया गया. एक खुफिया इनपुट पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस की टुकड़ी सेना और सीआरपीएफ की टीम के साथ बीते कई दिनों से आतंकियों को ढूंढ रही थी. जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ करीबन 3.30 बजे शुरू हुई थी.
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक बीएस तुती ने एनकाउंटर की जानकारी देते हुए कहा, ‘कठुआ जिले के बिलावर इलाके में सेना और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक छोटी टीम ने एक पाकिस्तानी जैश आतंकवादी को मार गिराया है.’ बता दें कि इससे पहले गुरुवार को, किश्तवार जिले के चत्रू इलाके में जैश आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ था.
IGP ने ये भी कहा कि खुफिया जानकारी मिली थी कि शुक्रवार की सुबह एक आतंकी कठुआ जिले के बिलावर इलाके में खाने-पीने का सामान लेने के लिए एक स्थानीय युवक के घर आने वाला है. इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबल अलर्ट हो गए थे. जैसे ही आतंकी रसद लेने के लिए आया, सेना के जवानों ने उसे घेर लिया और मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया.
M4 कार्बाइन बरामद
सुरक्षा बलों को एक आतंकी के छुपे होने की खबर मिली थी. आतंकी के हवाले से M4 कार्बाइन रायफल बरामद हुई है. आपको बताते चलें कि घातक M4 राइफल आम तौर पर आतंकवादियों के टॉप कमांडर के पास ही होती हैं. ऐसे में उम्मीद है कि ये भी एक टॉप कमांडर है जिसे सुरक्षा बलों ने ढेर किया है.
7 जनवरी को भी हुई थी एक मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 7 जनवरी को भी इसी इलाके में आतंकवादियों से एक मुठभेड़ हुई थी. ज़ी न्यूज ने 21 जनवरी को तीन आतंकियों की तस्वीर चलाई थी, जिनमें से एक उस्मान भी था. जानकारी थी कि ये तीनों आतंकी कठुआ उधमपुर रेंज में एक्टिव हैं.
