Mehbooba Mufti: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार 9 जनवरी 2026 को कटरा में श्री माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज को अचानक बंद किए जाने पर इसकी निंदा की. उन्होंने इसको लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा. महबूबा मुफ्ती ने इस फैसले को पूर्व नियोजित बताया और चेतावनी दी कि इससे देशभर में एक खतरनाक मिसाल कायम हो सकती है, जिससे पूरे देश में लंबे समय तक बुरा प्रभाव पड़ सकता है.
मेडिकल कॉलेज को लेकर उठाया सवाल
मुफ्ती ने श्रीनगर में नेशनल मेडिकल कमिशन ( NMC) की ओर से श्री माता वैष्णो देवी मेडिकल कॉलेज की मान्यता को रद्द करने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा,’एक शाम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कॉलेज बंद कर देना चाहिए और अगले ही दिन इसे बंद कर दिया गया. यह संयोग नहीं लगता.’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह की जल्दबाजी में की गई कार्रवाई स्टेकहोल्डर्स के बीच डर और अनिश्चितता पैदा करती है.
ये भी पढ़ें- BMC चुनाव से पहले क्यों शरद पवार गुट से मिल गए अजित? अब किया खुलासा
ED की छापेमारी पर उठाया सवाल
मुफ्ती ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर को फूट डालने वाली पॉलिसी के लिए टेस्टिंग ग्राउंड के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह कॉलेज की मान्यता रद्द करने से देशभर में चरमपंथी तत्वों का हौसला बढ़ सकता है, जिससे दक्षिणपंथी समूह बाकी जगहों पर भी मुस्लिम छात्रों को संस्थानों से बाहर करने की मांग कर सकते हैं. मुफ्ती ने कहा,’ यह एक ट्रेंड बन जाएगा. यहां जो भी आजमाया जाता है उसे बाद में देश के बाकी हिस्सों में दोहराया जाता है.’ मुफ्ती ने ED की छापेमारी में आई तेजी का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि यह कश्मीर में आक्रामक रूप से शुरू हुई और फिर अन्य जगहों पर फैल गई. उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रतिरोध को एक उदाहरण के रूप में पेश करते हुए कहा,’ ममता बनर्जी एक शेरनी हैं और वह डटकर खड़ी हैं.’
ये भी पढ़ें- 26 जनवरी से पहले कश्मीर में बढ़ी सख्ती, घाटी में VPN पर लगा बनै; आतंकियों से जुड़े हैं तार
धार्मिक विभाजन का लगाया आरोप
महबूबा मुफ्ती ने जम्मू में मौजूदा माहौल की तीखी आलोचना करते हुए अधिकारियों पर धार्मिक विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक आधार पर जम्मू-कश्मीर का विभाजन मुहम्मद अली जिन्ना के 2 नेशन थ्योरी को सही साबित करेगा. यह महात्मा गांधी की ओर से समर्थित धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को कमजोर करेगा. उन्होंने कहा,’ हमारे नेतृत्व ने 2 नेशन थ्योरी को रिजेक्ट कर दिया था, क्योंकि हमारा मानना था कि यही गांधी का भारत है. अगर आज हम राज्यों को धार्मिक आधार पर बांटना शुरू कर दें तो इसका मतलब होगा कि जिन्ना सही थे.’
