News in Brief

Manoj Tiwari: अभिनेता-गायक और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास से चोरी की घटना सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने उनके एक पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, आरोपी ने 54 लाख रुपये की चोरी की है. बता दें, ये घटना अंधेरी पश्चिम के शास्त्री नगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट्स में तिवारी के फ्लैट में घटी.

आरोपी ने किया नकली चाबियों का इस्तेमाल: पुलिस

पुलिस ने बताया कि मनोज तिवारी के प्रबंधक प्रमोद जोगेंद्र पांडे द्वारा अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और करीब दो साल पहले सेवा से बर्खास्त किए गए पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान हुई. जांच में पता चला कि शर्मा ने कथित तौर पर फ्लैट में घुसने और चोरी करने के लिए नकली चाबियों का इस्तेमाल किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

अंबोली पुलिस ने बताया कि पांडे पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे. अपनी शिकायत में पांडे ने कहा कि एक कमरे में रखे 54 लाख रुपये गायब हो गए हैं. इस राशि में से 44 लाख रुपये जून 2025 में एक अलमारी से कथित तौर पर गायब हो गए थे, हालांकि उस समय अपराधी का पता नहीं चल सका था. मामले को सुलझाने के लिए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए.

ये भी पढ़ें: मुंबई का मेयर कौन होगा? सस्पेंस बढ़ा, शिवसेना-बीजेपी गठबंधन में 2.5 साल के कार्यकाल पर लड़ाई; उद्धव ठाकरे ने भी जताई उम्मीद

पुलिस कर रही मामले की जांच

15 जनवरी 2026 को रात करीब 9 बजे रिकॉर्ड किए गए फुटेज में पूर्व कर्मचारी को नकदी चुराते हुए देखा गया. फुटेज से यह भी पता चला कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं और उसने उस रात करीब 1 लाख रुपये चुराए थे. सीसीटीवी फुटेज से पहचान होने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद अंबोली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है.