आज 26 जनवरी को हम गणतंत्र दिवस मना रहे हैं लेकिन आजादी मिलने तक इस दिन को भारत के लोग स्वतंत्रता दिवस के रूप में मना रहे थे. हां, जनवरी 1930 के आखिरी रविवार को आजादी का दिन घोषित करने संबंधी प्रस्ताव लाहौर में पारित किया गया. वहां कांग्रेस अपना वार्षिक अधिवेशन कर रही थी. यही वो शहर था जहां जवाहरलाल नेहरू को कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया. उनका कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर चुनाव संगठन में उनके बढ़ते कद की स्वीकारोक्ति थी. जवाहरलाल नेहरू का जन्म गांधीजी के जन्म के बीस साल बाद 1989 में हुआ था. वह गांधीजी के सबसे नजदीकी शिष्य थे. उन्हें विदेशी मामलों का गहरा ज्ञान था और युवाओं पर उनका एक खास असर था.
अपनी आत्मकथा में नेहरू याद करते हैं, ‘कैसे 26 जनवरी 1930 को स्वतंत्रता दिवस मनाने का फैसला किया गया और कैसे यह देशवासियों की छटपटाहट और उत्साह के रूप में बिजली की तरह हमारे सामने व्यक्त हुआ. हर जगह लोगों की भारी भीड़ बिना किसी आवाज या शोरगुल के शांतिपूर्वक और पूर्णनिष्ठा से आजादी की शपथ ले रही थी. वह दृश्य बहुत ही प्रभावशाली था और उसमें जरूर कोई खास बात थी. अगले दिन प्रेस को जारी किए गए अपने बयान में नेहरू ने ‘बड़े ही आदरपूर्वक पूरे देश को इस निष्ठापूर्ण और अनुशासनबद्ध प्रदर्शन के लिए बधाई संदेश दिया.’ गांवों और शहरों में आजादी के प्रति अपने इस उत्साह को प्रदर्शित करने की होड़ लग गई.
कलकत्ता और बंबई में इस अवसर पर लोगों की भारी भीड़ जमा हुई और छोटे शहरों में भी खासी तादाद में लोग जुटे. 1930 के बाद से हर साल कांग्रेसी मानसिकता वाले भारतीय 26 जनवरी को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाने लगे. हालांकि, जब अंग्रेजों ने आखिरकार उपमहाद्वीप को छोड़ने का फैसला किया तो उन्होंने 15 अगस्त 1947 को सत्ता हस्तांतरण के दिन के रूप में चुना. इस दिन का चुनाव वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने किया क्योंकि इसी दिन द्वितीय विश्वयुद्ध में मित्रराष्ट्रों के समक्ष जापानी सेना के आत्मसमर्पण की दूसरी बरसी थी. (26 जनवरी 1950 के दिन दिल्ली परेड का वीडियो देखिए)
26 January, 1950 – India celebrates Her First Republic Day..
pic.twitter.com/y8STMAHpkM
— Raghu (@IndiaTales7) January 26, 2021
माउंटबेटन और सत्ता के नए दावेदार अब और देरी नहीं करना चाहते थे. वे अगले साल 1948 की 26 जनवरी तक का इंतजार नहीं करना चाहते थे. यूं कुछ ऐसे भी लोग थे जो उसी खास दिन सत्ता हस्तांतरण होते देखना जरूर पसंद करते.
ज्योतिषी बोले 15 अगस्त शुभ दिन नहीं
तो इस तरह से मुल्क को एक ऐसे दिन आजादी मिली जो साम्राज्यवादी गौरव के अनुकूल था, न कि राष्ट्रवादी भावना के. ब्रिटिश राज और आजाद भारत की राजधानी नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह का औपचारिक समारोह आधी रात से थोड़ा ही पहले शुरू हुआ. ज्योतिषियों ने कहा था कि 15 अगस्त का दिन आजादी हासिल करने के लिए शुभ दिन नहीं है. इस तरह ये तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को 14 अगस्त को ही शुरू कर दिया जाए, जिसके तहत संविधान सभा की एक विशेष बैठक हो.
पढ़ें: किडनी ने काम करना बंद कर दिया! आजादी के बाद पहली 26 जनवरी पर गांधी जी क्या कर रहे थे?
संविधान सभा, भारतीय प्रतिनिधियों की एक सभा थी जो नया संविधान बनाने का काम कर रही थी. यह समारोह एक ऊंचे गुंबद वाले सभाकक्ष में हुआ जो पूर्ववर्ती ब्रिटिश राज के दौरान विधान परिषद के तौर पर इस्तेमाल में लाया जाता था. उस कक्ष में शानदार प्रकाश की व्यवस्था की गई और उसमें जगह-जगह झंडे लगाए गए. कुछ झंडों को उन तस्वीरों के फ्रेम के भीतर भी रख दिया गया जिनमें पिछले सप्ताह तक ब्रिटिश वायसराय की तस्वीरें हुआ करती थी. समारोह की शुरुआत रात 11 बजे हुई और सबसे शुरू में वंदेमातरम गाया गया. उसके बाद दो मिनट का मौन ‘उन लोगों की याद में रखा गया जिन्होंने आजादी की लड़ाई के दौरान भारत में या भारत से बाहर अपनी जान की कुर्बानी दी थी.’ समारोह के आखिर में देश की महिलाओं की तरफ से राष्ट्रीय झंडा प्रस्तुत किया गया. वंदेमातरम और ध्वज प्रस्तुतिकरण के बीच भाषण का दौर चला.
Republic Day 2025 Live Updates: 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस परेड का हर अपडेट देखिए
