News in Brief

Tamil Nadu Assembly Elections: तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दिया है. पार्टी एक तरफ सहयोगी दलों से बातचीत बढ़ा रही है तो दूसरी तरफ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुट गई है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के जल्द तमिलनाडु दौरे की भी तैयारी है.

चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज
तमिलनाडु में इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आने वाले हफ्तों में तमिलनाडु का दौरा कर सकते हैं. इससे साफ है कि कांग्रेस नेतृत्व राज्य में अपनी मौजूदगी को मजबूत करना चाहता है.

पुराने गठबंधन पर मंथन
बीते कुछ महीनों में चर्चा सामने आई है कि कांग्रेस अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ राजनीतिक बातचीत की संभावना तलाश रही है. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और डीएमके के बीच गठबंधन को लेकर, कुछ खटास की अटकलें लगाई जा रही हैं. खासकर बिहार चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद इन चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. राज्य की राजनीति में इन मुद्दों पर काफी बहस हो रही है. 

Add Zee News as a Preferred Source

डीएमके से बातचीत के लिए बनी कमेटी
हालात को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने डीएमके नेतृत्व से बातचीत के लिए 5 सदस्यों की एक कमेटी बनाई है. इस कमेटी की अगुवाई तमिलनाडु में कांग्रेस के इंचार्ज गिरीश चोडनकर कर रहे हैं. इसमें तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सेल्वापेरुनथगई और कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कुमार भी शामिल हैं. यह टीम गठबंधन से जुड़े मुद्दों जैसे तालमेल, सीटों के बंटवारे और सरकार में कांग्रेस की भूमिका पर चर्चा कर रही है.

पार्टी के भीतर मंथन तेज
गठबंधन की बातचीत के साथ-साथ कांग्रेस के अंदर भी विचार-विमर्श चल रहा है. पार्टी में चर्चा हो रही है कि सरकार और राजनीति में कांग्रेस की भूमिका ज्यादा साफ और मजबूत होनी चाहिए. इन बैठकों में पार्टी के प्रोफेशनल्स और डेटा एनालिटिक्स विभाग के प्रमुख प्रवीन चक्रवर्ती, सांसद जोथिमणि और मणिकम टैगोर भी हैं.

संगठन मजबूत करने की कोशिश
तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सेल्वापेरुनथगई ने पार्टी को जमीनी स्तर पर खड़ा करने पर जोर दिया है. कांग्रेस का दावा है कि पूरे राज्य में करीब 18500 गांव लेवल की कमेटियां बनाई गई हैं. हर कमेटी में 10 सदस्य हैं. इनमें अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य सदस्य शामिल हैं. 

बता दें कि अब कांग्रेस इन कमेटियों को एक्टिव करने के लिए बड़े सम्मेलन करने की तैयारी में है. जनवरी के अंत तक गांव लेवल वाली कमेटियों का बड़ा सम्मेलन प्रस्तावित है. इसमें करीब दो लाख कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा स्टेट लेवल पर महिला सम्मेलन और कन्याकुमारी में मछुआरा सम्मेलन भी आयोजित करने की योजना है.

सूत्रों के अनुसार चेन्नई और तिरुचिरापल्ली में भी बड़े कार्यक्रम होंगे. राहुल गांधी के गांव समिति सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है.वहीं प्रियंका गांधी महिला सम्मेलन में भाग ले सकती हैं. इससे साफ है कि कांग्रेस नेतृत्व तमिलनाडु की राजनीति में अपनी मौजूदगी फिर से मजबूत करने के इरादे से आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें: ED ने TMC के ‘चुनावी ब्रेन’ I-PAC पर मारा छापा, ममता ने कहा – BJP की गंदी साजिश, हमारी चुनावी रणनीति चुराने आए थे