News in Brief

Sharad Pawar Health Update: एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार की तबीयत में सुधार देखने को मिला है. शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने यह जानकारी दी. पवार को लगातार खांसी होने के बाद बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया था. एनसीपी (एसपी) नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बाबा को सीने में जकड़न हो गई है और उन्हें 5 दिन तक एंटीबायोटिक्स लेनी होंगी.

नॉर्मल हैं वाइटल्स

उन्होंने बताया कि सौभाग्य से, उनके (शरद पवार) अन्य सभी स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य हैं. आप सभी की शुभकामनाओं और निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद. सभी डॉक्टरों को मेरी ओर से हार्दिक धन्यवाद. बता दें कि शरद पवार को गंभीर खांसी और सांस लेने में भी कुछ तकलीफ के चलते अस्पताल ले जाया गया था. उनके भतीजे श्रीनिवास पवार ने बताया कि रविवार रात को ये लक्षण बढ़ गए, जिसके चलते उन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला करना पड़ा.

Add Zee News as a Preferred Source

डिस्चार्ज होने को लेकर आई ये खबर

रूबी हॉल क्लिनिक के प्रमुख पुरवेज ग्रांट को स्थिति की जानकारी दे दी गई. जांच के बाद ग्रांट यह तय करेंगे कि शरद पवार को भर्ती करने की आवश्यकता है या इलाज के बाद उन्हें घर भेजा जा सकता है. उनकी बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले इस समय अपने पिता शरद पवार के साथ अस्पताल में हैं.

यह भी पढ़ें- 85 की उम्र, खराब मौसम; बारिश में भीगते हुए महाराष्ट्र के चाणक्य ने सतारा में दिखाया था दम, शरद पवार का इशारा- ‘टाइगर जिंदा है’

ग्रांट के अनुसार, ‘शरद पवार को आज सुबह से खांसी हो रही है. हम जल्द ही उनकी जांच करेंगे और आवश्यक उपचार तय करेंगे. जरूरत पड़ने पर उन्हें भर्ती किया जाएगा. हम उनकी स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर निर्णय लेंगे.’ विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम शरद पवार के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है. उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की जरूरी जांच की गई हैं.

पवार को मराठा छत्रप के अलावा महाराष्ट्र की राजनीति का चाणक्य भी कहा जाता है. कभी महाराष्ट्र की राजनीति के बेताज बादशाह रहे शरद पवार अपने भतीजे अजित पवार के निधन के बाद कुछ दिनों तक शोक में नजर आए लेकिन जल्द ही उन्होंने बारामती क्षेत्र की जनता को बता दिया था कि वो अपनी आखिरी सांस तक यहां के लोगों के हितों के लिए काम करते रहेंगे.

(एजेंसी इनपुट के साथ)