Balasaheb Thackeray 100th Birth Anniversary: बालासाहेब ठाकरे की 100वीं जन्म जयंती पर लोग मुंबई में उनके महानायक बनने की कहानियां याद करने के साथ उनकी विरासत पर भी चर्चा करते नजर आए. इसी सिलसिले में आपको उन्हीं के पिता के हवाले से जुड़ी ऐसी कहानी बताने जा रहे हैं, जिसे जानने के बाद भी बहुत से लोगों को यकीन नहीं होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि मराठी भाषा और मराठी लोगों का राजनीतिकरण करने वाले ठाकरे ब्रदर्स ने अपनी जुबान से कभी इस सच्चाई के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया.
मुंबई में गैर मराठियों खासकर हिंदी भाषी लोगों के डराने-धमकाने के लिए ‘हिंसा’ को सियासी टूल के तौर पर इस्तेमाल करने के आरोप न सिर्फ राज ठाकरे और उनके कार्यकर्ताओं बल्कि उद्धवसेना के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमेशा से लगते आए हैं. उनके समर्थकों को जब ये पता चलेगा कि मराठी मानुष के हितों की ठेकेदारी का दावा करने वाले उद्धव और राज यानी ठाकरे भाइयों के पुरखों के तार महाराष्ट्र से नहीं बल्कि प्राचीन बिहार के समृद्ध मगध से जुड़ते हैं तो उन्हें भी इस तथ्य पर हैरानी हो सकती है.
‘बाला साहेब एक महान शख्सियत’
शिवसेना प्रमुख बाला साहब लीक से हटकर एक अलग तरह की सियासी लाइन के साथ तेजी से आगे बढ़े. उनका कद इतना विराट था कि उनके दौर में कांग्रेस पार्टी के बड़े से बड़े नेताओं को भी उनसे बात करने के लिए उनकी इजाजत लेनी पड़ती थी. खुलेआम किसी को भी धमका देने का उनका अंदाज और उसके बाद पैदा हुए हालातों को महाराष्ट्र के गौरव से जोड़ने की बातें भी खूब चर्चा में रही हैं. उनके धुर-विरोधी भी समय-समय पर उनके दरबार में हाजिरी लगाते थे.
बाला साहब के लिए कहा जाता है कि उनका वचन ही उनका शासन था. उनके शब्द ही कानून होते थे. उनके एक इशारे पर मुंबई थम जाती थी. बाला साहेब के इस मूलमंत्र को उनकी पार्टी की विरासत संभालने वाले बेटे उद्धव और भतीजे राज ठाकरे दोनों ने फॉलो किया.
ठाकरे कहां से आए?
बाला साहेब ठाकरे की राजनीतिक विचारधारा उनके पिता केशव सीताराम ठाकरे से काफी प्रभावित थी. उद्धव ठाकरे के बाबा यानी केशव ठाकरे ने अपनी आत्मकथा ‘माई लाइफ स्टोरी’ में कई खुलासे करते हुए अपनी जड़ों के बारे में विस्तार से बताया था. उनकी किताब के हवाले से ये कहा जाता है कि ठाकरे परिवार का संबंध बिहार से है. उस किताब में केशव ठाकरे ने लिखा है कि उनकी जाति के लोग पहले महापद्मनंद के शासन में मगध में रहते थे, लेकिन नंदवंश के बाद के राजाओं के अत्याचार से थक हारकर वे मध्यप्रदेश होते हुए महाराष्ट्र आकर बस गए.
केशव ठाकरे चंद्रसेनिया कायस्थ प्रभु जाति से हैं, महाराष्ट्र में ब्राह्मणों के बाद सवर्णों में इस जाति की गिनती होती है. इस समाज को ही बिहार के कायस्थों की उपजाति के तौर पर देखा जाता है, क्योंकि ये उसी तरह प्रशासनिक कार्यों से जुड़े होते हैं जैसे की कायस्थ जाति के लोग होते थे.
हालांकि ठाकरे परिवार का सीधा कोई संबंध बिहार से नहीं रहा है. उनके पूर्वज तीसरी या चौथी शताब्दी में ही महाराष्ट्र आकर बस गए थे और यहीं की संस्कृति में रचे बसे हैं.
कैसे जुड़ीं जड़ें?
महाराष्ट्र के मूल निवासियों के मुताबिक केशव ठाकरे ने आत्मकथा में ये भी लिखा, ‘हमारे परिवार के पूर्वज मराठा शासन के दौरान धोडप किले के किलेदार के रूप में काम करते थे. उनके परदादा कृष्णाजी माधव धोडपकर पाली, रायगढ़ में रहते थे, जबकि उनके दादा रामचंद्र ‘भिकोबा’ धोडपकर पनवेल में आकर बसे थे. केशव ठाकरे के पिता का नाम सीताराम रामचंद्र धोडपकर था. आगे इस परिवार ने ‘पनवेलकर’ उपनाम अपनाया. अगली पीढी के बेटे को स्कूल में दाखिला दिलाते समय ‘ठाकरे’ उपनाम दिया, जो ‘धोडपकर’ से पहले मूल पारिवारिक उपनाम था’.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटिश लेखक और उपन्यासकार विलियम मेकपीस ठाकरे (William Makepeace Thackeray) से प्रभावित होकर इस परिवार ने अपने सरनेम Thakre की स्पेलिंग Thackeray कर ली, जिसे उनका परिवार आज भी फॉलो कर रहा है.
क्या जाने पीर पराई…
मराठी मुद्दे पर शिवसेना और उससे टूटकर निकली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी (MNS) का रुख हमेशा आक्रामक रहा है. गैर मराठियों को लेकर सभी का रवैया आक्रामक रहा हैं. यूपी-बिहार मूल के लोगों को पीटने जैसी गुंडागर्दी को उद्धव सेना की पार्टी के नेताओं से लेकर राज ठाकरे और उनके समर्थकों ने सामान्य घटनाक्रम ही माना है. नॉन महाराष्ट्रियन लोगों को मराठी भाषा न सीख पाने की वजह से कितनी हिंसा और अपमान का घूंट पीना पड़ा है, इसकी पीड़ा वही जानता है, जिसके ऊपर बीती है.
