News in Brief

Most Polluted City: देश में हवा की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है. सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की नई रिपोर्ट ने इस समस्या को साफ तौर पर सामने रख दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक भारत के करीब 4,041 शहरों में से 44 प्रतिशत शहर ऐसे हैं, जहां पर पूरे सालभर हवा साफ नहीं रहती है. सैटेलाइट डेटा के आधार पर जुटाई गई इस जानकारी में PM2.5 जैसे खतरनाक प्रदूषण कणों को देखा गया है.

सालभर बनी रहती है जहरीली हवा
CREA की रिपोर्ट में बताया गया कि 2019 से 2024 के बीच हर साल कम से कम 1787 शहरों में PM2.5 का लेवल सेफ लिमिट से ज्यादा रहा है. कोविड के साल 2020 को इस स्टडी में शामिल नहीं किया गया है. रिपोर्ट साफ कहती है कि इन शहरों में प्रदूषण कुछ दिनों की समस्या नहीं है बल्कि पूरे साल बना रहता है. इसकी बड़ी वजह गाड़ियों का धुआं, फैक्ट्रियों से निकलने वाला प्रदूषण और दूसरे कई अन्य कारण भी है.

ये शहर हैं सबसे आगे
2025 के आंकड़ों की मानें तो मेघालय का बर्नीहाट देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा है. यहां PM2.5 का एवरेज लेवल 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. इसके बाद दिल्ली में 96 और गाजियाबाद में 93 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का लेवल पाया गया. वहीं नोएडा चौथे नंबर पर रहा था. इसके अलावा कई अन्य शहर भी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

सरकारी योजना से ज्यादातर शहर बाहर
सरकार ने साल 2019 में हवा साफ करने के लिए नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम NCAP की शुरुआत की थी. 7 साल बीतने के बाद भी इस योजना में सिर्फ 130 शहर ही शामिल हैं. इनमें से भी केवल 67 शहर ऐसे हैं जहां हर साल प्रदूषण तय सीमा से ऊपर रहता है. बता दें कि रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि NCAP में शामिल 28 शहरों में अब तक लगातार हवा मापने वाले स्टेशन नहीं लगाए गए हैं. जिन 102 शहरों में ये मशीनें लगी हैं उनमें से 100 शहरों में PM10 का स्तर 80 प्रतिशत या उससे ज्यादा दर्ज किया गया.

पैसा ज्यादा लेकिन असर कम
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि NCAP और 15वें वित्त आयोग के तहत अब तक 13,415 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं. इनमें से करीब 74 प्रतिशत पैसा खर्च हो चुका है. सबसे ज्यादा खर्च सड़क की धूल कम करने के लिए किया गया है. इसके बाद परिवहन और कचरा या पराली जलाने पर पैसा लगाया गया है. वहीं इंडस्ट्री, घरेलू ईंधन, लोगों को जागरूक करने और निगरानी जैसे जरूरी कामों पर बहुत कम खर्च किया गया है.

यह भी पढ़ें: Weather Update: उत्तर भारत पर मौसम का कहर! कोहरा और कोल्ड वेव मिलकर मचाएंगे तबाही, IMD का बड़ा अलर्ट