News in Brief

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बन गई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार में जनजीवन प्रभावित हो गया है. शनिवार को इन क्षेत्रों में कोहरे की मोटी परत के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात में परेशानी आई. कई स्कूलों और कॉलेजों का समय बदलना पड़ा.

fallback

IMD ने जारी किया अलर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. IMD के अनुसार, शनिवार सुबह आगरा, बरेली, सहारनपुर, गोरखपुर, अंबाला, अमृतसर, बठिंडा, लुधियाना, ग्वालियर, भागलपुर जैसे शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल में ठंड और गलन बढ़ गई.  मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 20 दिसंबर को बिहार, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में घना कोहरा पड़ेगा. कुछ स्थानों पर बादल भी रह सकते हैं. 21 दिसंबर को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में यह स्थिति बनी रहेगी. 22 दिसंबर को पूर्वांचल में भी कोहरा रहेगा. वहीं, 24 और 25 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अत्यधिक कोहरे का असर रहेगा.

ये भी पढ़ें: सीट बंटवारे को लेकर फंस गया महायुति में बड़ा पेंच, शिंदे ने कर दी इन 84 सीटों की मांग

यात्रियों को दी जा रही मुफ्त रीशेड्यूलिंग की सुविधा

बता दें, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 40 से अधिक ट्रेनों में 2 घंटे से अधिक की देरी हुई. इस बीच, भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें निरस्त कर दी गईं. शताब्दी, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें 45 मिनट की देरी से चलीं. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार रात ढाई बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक रही, जिससे 177 उड़ानें रद्द कर दी गईं और कई उड़ानें काफी देरी से चली. वाराणसी एयरपोर्ट से 28 उड़ानों को रद्द किया गया. देहरादून एयरपोर्ट पर भी दिल्ली, पुणे और बेंगलुरु की आठ उड़ानों में देरी देखने को मिली.

 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वे IMD के साथ मिलकर मौसम पूर्वानुमान के आधार पर निर्णय ले रहे हैं. यात्रियों को पहले से सूचित किया जा रहा है और रिफंड तथा मुफ्त रीशेड्यूलिंग की सुविधा दी जा रही है. इस बीच, एयर इंडिया ने कहा कि कोहरे का असर पूरे नेटवर्क पर पड़ सकता है. इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी कोहरे से प्रभावित क्षेत्रों में उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में समस्याएं होने की संभावना जताई है.