News in Brief

कलबुर्गी में कांग्रेस से जुड़े नेता मतीन पटेल का एक रील वीडियो सामने आया है. जिसमें वह फिल्म धुरंधर के मशहूर गाने Fa9la पर एंट्री करते दिख रहे हैं. इस वीडियो में वह हथियार लहराते नजर आ रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वीडियो की पूरी जांच की जाएगी. जरूरत पड़ी तो आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई होगी.

रील बनाकर फंसे कांग्रेस नेता
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में कांग्रेस से जुड़े मतीन पटेल मुश्किल में पड़ गए हैं. उन्होंने हाल ही में एक रील बनाई थी जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी. इस रील में वह ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के गाने Fa9la को कॉपी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में मतीन पटेल एक काली एसयूवी गाड़ी से उतरते हैं. जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ डांस करते नजर आते हैं. इसी दौरान उनके हाथ में पिस्तौल और बंदूक दिखाई देती है. यह पूरा सीन फिल्म के एक किरदार रहमान डकैत जिसे अक्षय खन्ना ने निभाया है की एंट्री जैसा दिखाया गया है.

विधायक के करीबी बताए जा रहे
मतीन पटेल को अफजलपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक एमवाई पाटिल का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है. जैसे ही वीडियो वायरल हुआ इस पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने इसे गन कल्चर को बढ़ावा देने वाला बताया है.

Add Zee News as a Preferred Source

पुलिस ने शुरू की जांच
कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस डी ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक व्यक्ति हथियार दिखा रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस उस व्यक्ति को जानती है. आगे उन्होंने कहा की कि अधिकारियों को यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि वीडियो कहां शूट किया गया और वह किस थाने के इलाके में आता है. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि वीडियो में दिख रहे हथियार असली हैं या नहीं.

लाइसेंस और कानूनी पहलू की भी जांच
पुलिस ने कहा कि अगर हथियार असली पाया गया तो यह देखा जाएगा कि वह लाइसेंस वाला है या नहीं. अगर लाइसेंस है तो यह भी जांच होगी कि कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ है. अगर हथियार गैरकानूनी निकला तो आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है.

यह भी पढ़ें: नरवणे की किताब Four Stars of Destiny लीक मामले में Penguin को दिल्ली पुलिस का नोटिस, सवाल-जवाब के लिए किया तलब