
Mata Vaishno Devi News on New Year 2026: नए साल के पहले दिन माता रानी के दर्शन करने के लिए वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची हुई है. कटरा से लेकर अर्धकुंवारी और भवन तक केवल श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे हैं. श्रद्धालुओं की इस भीड़ को देखते हुए माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने गुरुवार सुबह तक पंजीकरण अस्थाई रूप से बंद करने का ऐलान किया है. बोर्ड ने कहा है कि किसी हादसे को टालने और यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
गुरुवार सुबह तक के लिए रजिस्ट्रेशन बंद
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने रजिस्ट्रेशन बंद होने की जानकारी दी. उन्होंने बताया माता वैष्णो के दर्शनों के लिए भारी तादाद में श्रद्धालु कटरा में पहुंचे हुए हैं. सभी भक्तों को बिना किसी परेशानी के दर्शन हो जाएं, इसलिए गुरुवार सुबह तक के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर फिलहाल बंद किए गए हैं.
हादसे से बचाने के लिए जरूरी कदम
उन्होंने बताया कि भवन पर दर्शनों के ठहरने और दर्शनों के लिए सीमित व्यवस्था है. ऐसे में अनियंत्रित संख्या में श्रद्धालु छोड़ देने से भवन पर भारी भीड़ पहुंच सकती थी. जिससे वहां पर हादसे की आशंका बन सकती है. इस आशंका को टालने के लिए रजिस्ट्रेशन पर टेंपरेरी रोक लगाई गई है. जब वहां के श्रद्धालु दर्शन करके नीचे उतरने लगेंगे तो गुरुवार सुबह नए रजिस्ट्रेशन ओपन कर दिए जाएंगे.
‘वेबसाइट देखकर बनाएं यात्रा प्लान’
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अगर माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए कटरा आ रहे हैं तो श्राइन बोर्ड की वेबसाइट देखते रहें. जिससे उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न हो. इसके साथ ही वेबसाइट पर दी जा रही जानकारी के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं. उन्होंने यह भी कहा कि सभी श्रद्धालु भवन पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और दर्शनों के तुरंत बाद नीचे उतरने का प्रयास करें. जिससे दूसरे भक्तों को भी दर्शन का अवसर मिल सके.
श्राइन बोर्ड के सीईओ ने बताया कि हाल ही में भवन परिसर में ‘साधना कक्ष’ (ध्यान कक्ष) शुरू किया गया है. यह कक्ष श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है. माता रानी के दर्शनों के बाद लोग कुछ देर इस कक्ष में रुककर ध्यान लगा रहे हैं. इससे उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव हो रहा है.
