MM Naravane Memoir Book: पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित रूप से प्रकाशन से पहले लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (PRHI) को नोटिस जारी किया है. नोटिस में प्रकाशन से कई सवालों के जवाब मांगे गए हैं और उसके प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने को कहा गया है.
स्पेशल सेल ने इससे पहले इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की थी. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पुस्तक की सामग्री आधिकारिक प्रकाशन से पहले सार्वजनिक डोमेन में कैसे पहुंची. इस विवाद ने राजनीतिक और सैन्य हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि पुस्तक में 2020 के गलवान घाटी संघर्ष से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख बताया जा रहा है.
पेंगुइन इंडिया ने विवाद पर दी सफाई
कथित लीक को लेकर उठे सवालों के बीच पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया है. प्रकाशक ने स्पष्ट किया कि किसी पुस्तक की घोषणा, उसे प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध कराना और उसका वास्तविक प्रकाशन ये तीनों अलग-अलग चरण हैं और इन्हें एक जैसा नहीं माना जाना चाहिए. पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया में पुस्तक प्रकाशन कैसे काम करता है, इस बारे में एक त्वरित गाइड शीर्षक से जारी बयान में कंपनी ने कहा कि जब किसी पुस्तक की घोषणा की जाती है तो इसका अर्थ केवल यह होता है कि प्रकाशक ने भविष्य में उसके प्रकाशन की योजना साझा की है. इसका यह मतलब नहीं होता कि पुस्तक बिक्री के लिए उपलब्ध है.
प्रकाशक ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पुस्तक को प्री-ऑर्डर के लिए सूचीबद्ध करना प्रकाशन उद्योग में एक मानक प्रक्रिया है. इससे पाठक और खुदरा विक्रेता औपचारिक रिलीज से पहले अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं. कंपनी के अनुसार, प्री-ऑर्डर लिस्टिंग का यह अर्थ नहीं है कि पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है या बाजार में उपलब्ध है.
ये भी पढ़ें: राष्ट्रगान से पहले वंदे-मातरम की ये लाइनें जरूरी, यहां जान लीजिए क्या कहता है गृह मंत्रालय का नया आदेश
बयान में आगे कहा गया कि निर्धारित प्रकाशन तिथि केवल एक नियोजित समयरेखा को दर्शाती है. पुस्तक को तभी प्रकाशित माना जाता है जब वह खुदरा चैनलों के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध हो. पेंगुइन ने यह भी दोहराया कि संबंधित पुस्तक की कोई भी प्रति मुद्रित या डिजिटल रूप में अब तक प्रकाशित, वितरित या बेची नहीं गई है.
राहुल ने नरवणे के पोस्ट का दिया हवाला
बता दें कि प्रकाशन का ये स्पष्टीकरण कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस टिप्पणी के बाद आया जिसमें उन्होंने जनरल नरवणे की 2023 की एक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया था. उस पोस्ट में कथित तौर पर लिखा था कि हैलो दोस्तों, मेरी किताब अब उपलब्ध है. बस लिंक पर क्लिक करें. पढ़ने का आनंद लें, जय हिंद.
ये भी पढ़ें: ‘सामान्य वर्ग के साथ भेदभाव…’ नए इक्विटी नियमों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र-UGC को जारी किया नोटिस
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यह नरवणे का ट्वीट है. मेरा कहना यह है कि या तो नरवणे झूठ बोल रहे हैं और मुझे विश्वास है कि पूर्व सेना प्रमुख झूठ नहीं बोलेंगे या फिर पेंगुइन झूठ बोल रहा है. दोनों एक साथ सच नहीं हो सकते. इस बयान के बाद विवाद और गहरा गया है.
