News in Brief

Former IG Suicide: पंजाब के पटियाला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां सोमवार (22 दिसंबर) को सूबे के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने सुसाइड की कोशिश की और अपने आपको रिवॉल्वर से गोली मार ली. वो पंजाब के डीजीपी भी रह चुके थे.  इस घटना के घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस को घटनास्थल से एक 16 पेज का सुसाइड नोट भी मिला है. सुसाइड नोट में उन्होंने सुसाइड करने की वजह बताई है. 

सुसाइड नोट से इस बात का खुलासा हुआ कि पूर्व आईजी के साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ था जिसकी वजह से उन्हें भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा था. इस बड़े नुकसान की वजह से वो मानसिक तनाव में थे. पंजाब पुलिस के मुताबिक चहल के कुछ परिचित लोगों के माध्यम से उन्हें इस बात की सूचना मिली थी कि वो आत्महत्या जैसा भयावाह कदम भी उठा सकते हैं. जैसे ही इस बात की जानकारी मिली स्थानीय थाना प्रभारी (SHO), डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत उनके घर पहुंचे. तब तक चहल वो घातक कदम उठा चुके थे और पुलिस की टीम उन्हें घायल अवस्था में उठाकर इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई.

Add Zee News as a Preferred Source

पूर्व आईपीएस के आत्महत्या के प्रयास पर क्या बोली पुलिस?
SP सिटी पटियाला, पलविंदर सिंह चीमा ने कहा, ‘हमें रिटायर्ड IG अमर सिंह चहल के दोस्तों से जानकारी मिली कि उन्होंने एक नोट शेयर किया है जिसमें लिखा है कि वह आत्महत्या कर सकते हैं. इस बात की जानकारी मिलते ही SHO, DSP और मैं उनके घर पहुंचे और उन्हें घायल पाया. हम तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए. हमने मौके से मिला नोट बरामद कर लिया है। उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज और टेस्ट चल रहे हैं. हम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं. अभी हमारी प्राथमिकता उनकी जान बचाना है। हम उनके परिवार के साथ हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं. सुसाइड लेटर के अनुसार, उचित FIR दर्ज की जाएगी और जांच की जाएगी CT स्कैन से उनकी चोट की गंभीरता का पता चलेगा, जिससे आगे की कार्रवाई तय करने में मदद मिलेगी.’ 

इलाज के दौरान अस्पताल में गंभीर हुई चहल की हालत
अस्पताल में उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.  पटियाला पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड लेटर भी बरामद हुआ है. इस सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या की कोशिश के पीछे और क्या वजहें हो सकती हैं? इसमें किसी तरह की भूमिका या दबाव तो नहीं था?
 
साल 2015 में प्रदर्शनकारी सिख श्रद्धालुओं पर चलवाई थी गोली 
गौरतलब है कि अमर सिंह चहल 2015 में फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सिख श्रद्धालुओं पर हुई पुलिस फायरिंग मामले में भी आरोपी रहे हैं. इस घटना को लेकर पहले से ही उन पर कानूनी कार्रवाई चल रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. 2023 में पंजाब पुलिस की एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल और चहल सहित कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी.

यह भी पढ़ेंः आसमान में फिर फूल गई एयर इंडिया की सांस! बीच हवा में अचानक बंद हुआ विमान का इंजन