India himalaya late snowfall 2026: हिमालय की ऊंची चोटियां, जो आमतौर पर सर्दियों में कई महीनों तक मोटी बर्फ से ढकी रहती हैं. इस साल बहुत देर से सफेद हुई हैं. जनवरी की शुरुआत लगभग पूरी तरह सूखी रही. पहली ठीक-ठाक बर्फबारी 22 से 24 जनवरी के बीच कश्मीर, मनाली और शिमला में हुई. इसके बाद 26 जनवरी को एक और पश्चिमी सिस्टम सक्रिय हुआ और 28 जनवरी तक असर दिखा. इससे पर्यटक इलाकों में सूखे जैसी स्थिति कुछ समय के लिए खत्म हुई है. लेकिन 2026 की पूरी सर्दी को अब भी स्नो ड्रॉट माना जा रहा है. यानी मौसम के हिसाब से जितनी बर्फ गिरनी चाहिए थी. वह नहीं गिरी. कई जगह बारिश हुई. बर्फ नहीं. ऊंचाई वाले इलाके जैसे तुंगनाथ, लाहौल घाटी और गढ़वाल के अंदरूनी हिस्सों में अब भी भारी कमी बनी हुई है. यह सिर्फ मौसम का बदलाव नहीं है. यह आने वाले जल संकट का बड़ा संकेत है.
बारिश और बर्फ की थी कमी
भारत के लिए बर्फ बहुत जरूरी है. गंगोत्री और चोराबारी जैसे ग्लेशियर देश की जल सुरक्षा की जमा पूंजी हैं. सर्दियों में गिरने वाली बर्फ गर्मियों में पिघलने वाली बर्फ की भरपाई करती है. लेकिन वाडिया इंस्टीट्यूट के आंकड़ों के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल में इस सर्दी के ज्यादातर हिस्से में 80 से 100 प्रतिशत तक बारिश और बर्फ की कमी रही. तुंगनाथ जैसे 12 हजार फीट ऊंचे इलाके में भी सामान्य बर्फ की जगह केवल पाला पड़ा है. पूर्वी हिमालय के कुछ हिस्सों जैसे उत्तर सिक्किम और अरुणाचल में हालात थोड़े बेहतर रहे. लेकिन पश्चिमी और मध्य हिमालय में देर से गिरी बर्फ एक बड़ी समस्या है. यह गीली बर्फ होती है. जल्दी पिघल जाती है. यह मजबूत ग्लेशियर बनने में मदद नहीं करती. इसका मतलब है कि पहाड़ अपनी बर्फीली पूंजी लगातार खो रहे हैं.
भारत में बर्फ देर से गिरने की सबसे बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ का बदलता व्यवहार है. यही सिस्टम भूमध्य सागर से चलकर भारत में सर्दियों की बर्फ और बारिश लाता है. इस साल पहला मजबूत सिस्टम 22 जनवरी को आया. दूसरा 26 जनवरी के आसपास सक्रिय हुआ. पहले ये सिस्टम नवंबर या दिसंबर में ही पहुंच जाया करते थे. इससे पहाड़ों में गहरी और टिकाऊ बर्फ जम जाती थी. नासा और मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि बढ़ता तापमान और हवा की धाराओं में बदलाव से ये सिस्टम उत्तर की ओर खिसक रहे हैं. कई बार कमजोर भी हो रहे हैं. अब लंबे सूखे दौर आते हैं. फिर अचानक तेज बर्फबारी होती है. तस्वीरें तो अच्छी बनती हैं. लेकिन ग्लेशियरों के लिए यह फायदेमंद नहीं है.
इसका सीधा असर गंगा, यमुना और सिंधु जैसी नदियों पर पड़ेगा. इन नदियों के पानी का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा हिमालय की बर्फ से आता है. जब बर्फ कम होती है या देर से गिरती है. तो वसंत ऋतु में मिलने वाला स्थिर पानी खत्म हो जाता है. पहले गीली बर्फ तेजी से पिघलेगी. इससे अचानक बाढ़ आ सकती है. इसके बाद जब खेती के लिए पानी सबसे ज्यादा चाहिए होगा. तब नदियां कमजोर पड़ सकती हैं. रबी फसल पर इसका असर साफ दिख सकता है. करीब दो अरब लोग इन नदियों पर निर्भर हैं. इसलिए यह बदलाव केवल पहाड़ों तक सीमित नहीं है. यह मैदानों की जिंदगी से जुड़ा खतरा है.
पानी पर निर्भर हैं विद्युत परियोजनाएं
इसका सामाजिक और आर्थिक असर भी गहरा होगा. उत्तर भारत की कई जलविद्युत परियोजनाएं लगातार बहते पानी पर निर्भर हैं. सेब की खेती वाले हरसिल और कश्मीर जैसे इलाकों में फसलों को तय समय तक ठंड चाहिए होती है. 22 से 28 जनवरी के बीच गिरी बर्फ से थोड़ी राहत जरूर मिली. लेकिन उससे पहले का लंबा सूखा पेड़ों की जैविक घड़ी बिगाड़ चुका है. गुलमर्ग और औली में खाली स्की ढलान सिर्फ सैलानियों की निराशा नहीं हैं. यह स्थानीय लोगों की आजीविका पर सीधा संकट है. साफ है कि भारत एक ऐसे दौर में प्रवेश कर रहा है. जहां हर बूंद पानी की कीमत पहले से कहीं ज्यादा होगी.
ये भी पढ़ें: अगर मर्यादा टूटी, लोकतंत्र की आत्मा ढह जाएगी… लोकसभा में भड़के स्पीकर ओम बिरला, सांसदों को पढ़ाया पाठ
