News in Brief

Snack Packet Toy Blast: ओडिशा के बालांगीर जिले के पटनागढ़ इलाके में हुई इस घटना ने झकझोर कर रख दिया. टिटिलागढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के शागदघाट गांव में रहने वाला आठ साल का बच्चा अंकेश हरपाल इस हादसे का शिकार हुआ है. अंकेश कक्षा तीन का छात्र है और उसके पिता का नाम लाब हरपाल है.

कब हूई घटना
रविवार शाम अंकेश गांव की एक दुकान से पांच रुपये का लाइटहाउस कॉर्न पफ का पैकेट लेकर आया था. उसने पहले स्नैक खाया. इसके बाद पैकेट के अंदर से एक छोटा खिलौना निकला. बच्चे ने उस खिलौने को खेल-खेल में आग में डाल दिया था. 

आंख की रोशनी खत्म
जैसे ही खिलौना आग में गया अचानक तेज धमाके के साथ वह फट गया. वह धमाका इतना जोरदार था कि उसका असर सीधे अंकेश की आंख पर पड़ा. विस्फोट से उसकी आंख की पुतली पूरी तरह फट गई. बच्चा दर्द से चीखने लगा और घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजन उसे तुरंत टिटिलागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की आंख को गंभीर और स्थायी नुकसान हुआ है. डॉक्टरों के मुताबिक अब उस आंख की रोशनी वापस नहीं आ सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

पुलिस थाने में लिखित शिकायत
घटना के बाद अंकेश के माता-पिता ने टिटिलागढ़ पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है. उनका कहना है कि स्नैक पैकेट के अंदर दिया गया खिलौना बेहद खतरनाक था. उन्होंने ऐसे उत्पादों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है. साथ ही उन्होंने कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने बच्चे के इलाज व भविष्य के लिए मुआवजे की मांग भी की है.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खिलौना किस तरह का था और वह इतना खतरनाक कैसे निकला.

सदमे में घरवाले 
इस हादसे के बाद बच्चे की मां भानुमती हरपाल का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने कहा कि उनका बेटा पूरी तरह बर्बाद हो गया है. मां ने बताया कि उन्होंने बेटे को बिस्किट लाने के लिए पैसे दिए थे लेकिन वह चिप्स का पैकेट ले आया. उनके मुताबिक अगर बच्चा जन्म से ही आंखों से नहीं देख पाता तो शायद इतना दर्द न होता, लेकिन सालों तक ठीक बच्चे को पालने के बाद अचानक उसकी आंख की रोशनी चली जाना उनके लिए सहन करना बहुत मुश्किल है.

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बस-कार की भीषण टक्कर, 9 और 15 साल के बच्चों समेत तीन की जान गई