Who is Pinky Mali: बुधवार को एक विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का निधन हो गया. वह एक निजी चार्टर विमान से मुंबई से बारामती जा रहे थे, लैंडिंग से कुछ वक्त पहले ही विमान क्रैश हो गया और इस हादसे में अजित पवार के साथ अन्य 4 लोगों की भी मौत हो गई. इस विमान में दो क्रू मेंमबर और पवार के दो सहयोगी भी सवार थे. इसके अलावा विमान में फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हुई है. बता दें कि पिंकी मूल रूप से यूपी की रहने वाली हैं.
फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के परिवार को इस हादसे से गहरा सदमा लगा है. पिंकी के पिता ने बताया कि बेटी से उनकी बात कल हुई थी. पिंकी के पिता व्याकुल शिवकुमार माली ने भावुक आवाज में बताया कि उनकी बेटी ने उनसे कहा था कि वह बुधवार को उनसे बात करेगी. शिवकुमार ने कहा कि उनकी बेटी अब उनसे कभी बात नहीं करेगी.
पिंकी ने आखिरी बार कॉल पर क्या कहा?
मध्य मुंबई के प्रभादेवी निवासी शिवकुमार ने अपनी बेटी के साथ हुई आखिरी बातचीत को याद करते हुए बताया कि पिंकी ने कहा था कि पापा, मैं कल (बुधवार) उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के साथ बारामती जा रही हूं. उन्हें छोड़ने के बाद, मैं नांदेड़ जाऊंगी और होटल पहुंचते ही आपसे बात करूंगी. जानकारी दें कि पिंकी माली वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित लीयरजेट 46 विमान में एक परिचारिका थीं. यह विमान अजित पवार और अन्य चार लोगों को लेकर बारामती जा रहा था, लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान क्रैश हो गया.
कई राजनीतिक हस्तियों के साथ यात्रा कर चुकीं थीं पिंकी
शिवकुमार माली ने बताया कि उनकी बेटी पिंकी राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों और कई राजनीतिक नेताओं के साथ यात्रा कर चुकी थीं. उनके पिता ने बताया कि वह अजित पवार के साथ चौथी बार यात्रा कर रही थीं. शिवकुमार ने नम आखों से बताया कि मैंने कल शाम उनसे बात की थी और उन्होंने मुझे बताया कि वह उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बारामती जाएंगी और फिर नांदेड़ के लिए रवाना होंगी. बताया जाता है पिंकी के पिता शिवकुमार खुद अजित पवार की पार्टी के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने बताया कि समाधान सरवंकर नामक एक स्थानीय राजनेता ने उन्हें अजित पवार के विमान दुर्घटना के बारे में सूचित किया था.
यह भी पढ़ें:न्यूजीलैंड से फ्लाइट ट्रेनिंग, मुंबई से एविएशन की पढ़ाई… कौन थी अजित पवार का जहाज उड़ाने वाली लेडी पायलट, तगड़े अनुभव के बाद भी नहीं बच पाई जान
पिता ने 16 जनवरी को की थी आखिरी मुलाकात
गौरतलब है कि शिवकुमार ने अपनी बेटी से 16 जनवरी को आखिरी बार मुलाकात की थी. उस दिन पिंकी नगर निगम चुनाव में अपना वोट डालने के लिए ठाणे से प्रभादेवी आई थीं. शिवकुमार ने बताया कि वे अक्सर बात करते थे. उन्होंने बताया कि पिंकी पिछले पांच सालों से फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर काम कर रही थीं. उन्होंने एयर इंडिया से शुरुआत की और कुछ साल बाद निजी चार्टर्ड फ्लाइट्स में चली गईं.
अजित पवार के निधन से पूरे देश में शोक
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी के मुखिया अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र के साथ पूरे देश में शोक की लहर है. महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. वहीं, अजित पवार के चाचा शरद पवार ने भी इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है. बताया जा रहा है कि अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को बारामकी में होगा. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कल बारामती जाएंगे.
यह भी पढ़ें: अंदर से बंद मिले दरवाजे, ऑफिस छोड़कर कहां गए चार्टर कंपनी के कर्मचारी? अजित पवार विमान हादसे की AAIB ने शुरू की जांच; कई अहम फाइलें सील
