14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमले के चार दिन बाद एक आदमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बालाकोट में एक पहाड़ी पर दोपहिया गाड़ी से जा रहा था. उसकी शर्ट की ऊपरी जेब में एक मोबाइल फोन था, जिसमें नई दिल्ली में एक संस्थान के बारे में लाइव वीडियो चमका. वह आदमी भारत की विदेश इंटेलिजेंस एजेंसी (रॉ) के एक व्यक्ति के कहने पर काम कर रहा था. अपनी किताब ‘दि लवर ब्वॉय ऑफ बहावलपुर’ में राहुल पंडिता ने लिखा है कि सरकार ने पुलवामा हमले की शाम को ही सुरक्षा बलों के प्रमुखों को स्पष्ट कर दिया था कि वह जवाबी हमला चाहती है. रॉ को कहा गया था कि वह पाकिस्तानी इलाके के अंदर ऐसे ठिकाने खोजे, जिन पर हमला किया जा सके.
उसी कार्रवाई के लिए एजेंसी ने तीन संभावित ठिकाने खोजे. उनमें से एक जम्मू – कश्मीर में एलओसी के पास एक आतंकी ट्रेनिंग कैंप था. सरकार ने तत्काल इस विकल्प के लिए मना कर दिया. एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘सरकार नहीं चाहेगी कि यह एक और उरी सर्जिकल स्ट्राइक बने.’ वे भारत के विशेष सुरक्षा दलों द्वारा एलओसी पार 2016 में किए गए ऑपरेशन की बात कर रहे थे. दूसरे ठिकाने के लिए भी मना कर दिया गया क्योंकि वह नागरिक बस्ती के इतना निकट था कि उसके कारण उनकी जान को खतरा हो सकता था.
लगभग उसी समय गूगल पर भारत के अलग-अलग हिस्सों से पाकिस्तान में कुछ दूसरे संभावित निशाने भी खोजे गए. दोनों ही देशों की इंटेलिजेंस एजेंसियां दूसरे देशों द्वारा खोजी गई उनकी लोकेशनों पर नजर रखती हैं. एक वरिष्ठ भारतीय अधिकारी ने बताया, ‘मान लेते हैं कि अगर हमें पता चले कि पाकिस्तान में संसद को कई बार सर्च किया गया है तो इस जगह खतरे की घंटी बज जाती है.’
तीसरा ठिकाना जायज लग रहा था. यह बालाकोट में एक पहाड़ी पर स्थित जैश का ट्रेनिंग कैंप था, जो रिहायशी इलाकों से दूर था. जब पाकिस्तान में रॉ के एसेट से बात की गई तो उसने रॉ को बालाकोट के इतिहास की एक झलक देते हुए बताया- यही वह जगह है, जहां 1831 में सिख शासक महाराणा रणजीत सिंह के फौजी दस्तों ने सईद अहमद बरेलवी को मारा था. वह आदमी दि इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक और सीरिया (आईएसआईएस) की तरह इस्लामी संगठन बनाना चाहता था.
पाकिस्तान में रॉ का एसेट कैंप की तस्वीरें और सटीक जानकारी कोऑर्डिनेट कर रहा था. उसी ने बताया था कि बरेलवी को बालाकोट में ही दफनाया गया और यह सच्चाई जैश जैसे संगठनों से छिपी नहीं थी. उन्होंने अपने प्रशिक्षण कैंप के लिए इसी जगह को चुना था. हमले के लिए बालाकोट का चयन, सामरिक रूप से वैध और प्रतीकात्मक रूप से उपयुक्त था और इस तरह सरकार ने इस जगह को बम के धमाके से उड़ाने की मंजूरी दे दी.
रॉ जानकर कई पाकिस्तानी जगहों को सर्च कर रही थी ताकि पाकिस्तानी एजेंसियों को यह भ्रम बना रहे कि भारत का वार किस जगह हो सकता था!
पाकिस्तान में इंडियन इंटेलिजेंस के एसेट ने रिपोर्ट किया कि किस तरह कराची में भगोड़ा दाउद इब्राहिम बेचैन हो रहा था. एक सोर्स की मानें तो वह पाकिस्तानियों के आगे गिड़गिड़ा रहा था कि वे उसे इस्लामाबाद भेज दें पर पाकिस्तानियों ने कहा कि उस जगह उसकी मौजूदगी की सफाई देना मुश्किल होगा. उन्होंने उसे कराची में ही एक सुरक्षित बंकर में भेज दिया.
सरकार के आगे दाऊद इब्राहिम को मारने का विकल्प भी रखा गया था पर सूत्र ने बताया कि आम सहमति यही थी कि दाऊद अब बीते कल की बात है और उसके मरने से किसी तक कोई संदेश नहीं जाने वाला था. इस दौरान भारतीय निरीक्षण से पता चला कि पाकिस्तान एलओसी पार अपने ब्रिगेड मुख्यालय को मजबूत बना रहा था.
आखिर में जैसा कि तय हुआ था 26 फरवरी की सुबह हवाई हमला किया गया. मिराज 2000 फाइटर जेट्स द्वारा गिराई गई युद्ध सामग्री ने जैश के ट्रेनिंग सेंटर पर वार करते हुए उस इमारत के बड़े हिस्सों को ध्वस्त कर दिया. परंतु यह पता नहीं लग सका कि कितने लोगों की जानें गईं? रॉ के एसेट ने बताया कि अनेक घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया ताकि उनकी कुल संख्या किसी को पता न चल सके. एक स्रोत ने कहा, ‘हम जानते हैं कि ऐसे कई घायल थे, जो बच सकते थे पर अस्पताल न ले जाए जाने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया.’
बालाकोट हमले के एक दिन बाद 27 फरवरी को पाकिस्तानी जेट्स ने इंडियन एयरस्पेस में घुसपैठ की. जब भारतीय जेट्स उनके पीछे भागे तो भारत के एमआईजी-21 पर वार हुआ. पायलट अभिनंदन वर्धमान, उस विमान से बाहर निकले, पर वे पाकिस्तानी इलाके में लैंड हुए और पाकिस्तानी सेना ने उन्हें बंदी बना लिया.
बात बढ़ने के डर से पाकिस्तानी अधिकारियों ने तय किया कि वे भारत के पायलट को वापस भेज देंगे. अभिनंदन ने तनाव से भरे कुछ दिन एक बंदी के रूप में बिताए और फिर वह 1 मार्च को भारत वापस आ गए.
