News in Brief

लखनऊ: देशभर में बड़ी संख्या में लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) को मात देकर ठीक हो रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों को बड़ी राहत दी है और उनका पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट फ्री में किया जाएगा. यूपी सरकार ने इसको लेकर राज्य के सभी सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी संस्थानों को इसको लेकर आदेश दिया है.

मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट ने जारी किया आदेश

Zee News की सहयोगी वेबसाइट DNA के अनुसार, यूपी मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रधान सचिव आलोक कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मेडिकल कॉलेजों में भर्ती होने वाले कोविड-19 के मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी अगर उन्हें पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है, तो उनका भी मुफ्त इलाज किया जाएगा. प्रमुख सचिव ने कहा कि इन रोगियों के इलाज को लेकर भ्रम की स्थिति थी, जिन्हें कोविड-19 के बाद की जटिलताओं के कारण अस्पतालों में भर्ती कराया गया था.

पोस्ट कोविड ट्रीटमेंट के लिए लग रहा था पैसा

बता दें कि उत्तर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों से पोस्ट कोविड-19 ट्रीटमेंट और अन्य सेवाओं के लिए शुल्क ले रहे थे. अब लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई (Sanjay Gandhi PGI) और केजीएमयू समेत विशेष चिकित्सा संस्थानों और प्रदेश भर के निजी व सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इलाज नि:शुल्क होगा.

यूपी सरकार ने की थी कोरोना मरीजों के फ्री इलाज की घोषणा

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने पिछले महीने कोविड-19 के रोगियों के इलाज का खर्च वहन करने की घोषणा की थी. यहां तक कि प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज का खर्चा भी सरकार उठाती है.

यूपी में अब तक कोरोना से ठीक हो चुके हैं 15.88 लाख लोग

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3957 नए मामले सामने आए और 163 मरीजों की मौत हो गई. इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 1677508 हो गई है, जबकि 19519 लोगों की मौत हो चुकी है. उत्तर प्रदेश में अब तक कोविड-19 से 1588161 लोग ठीक हो चुके हैं और 69828 मरीजों का इलाज चल रहा है.

लाइव टीवी