News in Brief

Devyani Rana: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शनिवार को एक हैरान करने वाला मामला देखने को मिला, जब भाजपा विधायक देवयानी राणा ने केंद्र शासित प्रदेश के बजट की तीखी आलोचना की, लेकिन इसके बावजूद सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के विधायकों ने उनके भाषण के दौरान और अंत में मेजें थपथपाकर उनकी प्रशंसा की. यह देवयानी राणा का विधानसभा में पहला भाषण था, जिसने राजनीतिक मतभेदों से परे व्यक्तिगत सम्मान और संसदीय शिष्टाचार की मिसाल पेश की.

देवयानी ने नागरोटा सीट पर दर्ज की थी जीत

जब देवयानी राणा बजट पर चर्चा में हिस्सा लेने के लिए खड़ी हुईं, तो सत्ता पक्ष के कई सदस्य उनका हौसला बढ़ाते नजर आए. इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने सदन से आग्रह किया था कि पहली बार विधायक बनीं देवयानी राणा को प्रोत्साहित किया जाए. उन्होंने हाल ही में अपने पिता और जम्मू क्षेत्र के वरिष्ठ नेता दविंदर सिंह राणा के निधन के बाद नागरोटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की है.

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, दविंदर सिंह राणा लंबे समय तक नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रभावशाली नेता रहे और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के करीबी विश्वासपात्र माने जाते थे. हालांकि, कुछ वर्ष पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था. अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद उनका निधन हो गया था. उमर अब्दुल्ला ने बाद में नेशनल कॉन्फ्रेंस से दविंदर सिंह राणा के अलग होने को अपने राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा अफसोस बताया था. उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भावुक भाषण देते हुए उनके साथ अपने पुराने रिश्तों को याद किया था.

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही कि नागरोटा उपचुनाव के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस ने देवयानी राणा के खिलाफ केवल प्रतीकात्मक मुकाबला किया. यहां तक कि चुनाव प्रचार के दौरान उमर अब्दुल्ला ने भी भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ कोई सीधा हमला नहीं बोला था. इस बीच, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वित्त विभाग का प्रभार संभालते हुए शुक्रवार को विधानसभा में 1.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था. इसके एक दिन बाद, देवयानी राणा ने 12 मिनट का भाषण देते हुए बजट में कई प्रमुख क्षेत्रों के लिए आवंटन में की गई कटौती पर सवाल उठाए. सदन ने उनके भाषण को पूरी गंभीरता और शांति के साथ सुना.

देवयानी ने उमर सरकार पर जमकर साधा निशाना

देवयानी राणा ने आंकड़ों के जरिए सरकार को घेरते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन और राहत के लिए आवंटित राशि को पिछले वर्ष के 719 करोड़ रुपये से घटाकर 350.76 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो लगभग आधी है. उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र, विशेषकर नागरोटा विधानसभा क्षेत्र, बीते वर्ष अचानक आई बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं से बुरी तरह प्रभावित हुआ है. ऐसे में आपदा न्यूनीकरण और राहत के लिए बजट बढ़ाने की जरूरत थी, न कि उसमें कटौती करने की.

ये भी पढ़ें: हर जगह मस्जिद देख भड़के ट्रंप के सांसद, बोले- डलास को बना दिया गया है पाकिस्तान; अब सोशल मीडिया पर हो रही जमकर ट्रोलिंग

राणा ने पिछले साल अगस्त और सितंबर में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया, जिनमें दर्जनों लोगों की जान गई और सैकड़ों परिवार बेघर हो गए. किश्तवाड़ में भूस्खलन के कारण वैष्णो देवी तीर्थयात्रा और मचैल यात्रा पर भी गंभीर असर पड़ा था, जिसमें 100 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हुई थी.

इसके अलावा, उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में बजट कटौती पर भी सवाल उठाए. राणा ने कहा कि पिछले बजट की तुलना में शिक्षा पर 193 करोड़ रुपये कम खर्च किए जा रहे हैं, जिससे सरकारी स्कूलों के बंद होने या उनके विलय का खतरा बढ़ सकता है. उन्होंने पूछा कि ऐसे हालात में गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा.

युवा विधायक ने कल्याणकारी योजनाओं की कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विकलांगों के लिए घोषित मुफ्त बस सेवा में विकलांग-अनुकूल बसों की कमी है, जिससे यह योजना व्यवहार में प्रभावी नहीं रह जाती. बजट की तीखी समीक्षा और उमर अब्दुल्ला सरकार की आलोचना के बावजूद, राणा ने जम्मू और कश्मीर विधानसभा में राजनीतिक गलियारों के दोनों पक्षों से मेजों की थपथपाहट और प्रशंसा के साथ अपना भाषण समाप्त किया.