Kerala Viral Video Case: वीडियो में एक महिला ने उस व्यक्ति पर बस में गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया था. परिवार का कहना है कि आरोप झूठे थे और बदनामी से वह पूरी तरह टूट गया था. सोशल मिडिया पर वायरल इस तरह के मामले दिखाते हैं कि ये आरोप किसी की जिंदगी पर कितना गहरा असर डाल सकते हैं. वायरल होने के बाद ये वीडियो लाखों लोगों की नजरों में आ गया और उसके बाद व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली.
बस के वीडियो से विवाद
यह घटना केरल के कोझिकोड जिले की है. यहां गोविंदपुरम के रहने वाले 42 साल के दीपक की मौत हो गई. दीपक एक गारमेंट कंपनी में काम करते थे. अपने माता-पिता के साथ रहते थे. मामला तब शुरू हुआ जब अरीकोड की रहने वाली एक महिला ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो डाले.
इन वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि बस यात्रा के दौरान दीपक ने उसके साथ गलत तरीके से छुआ है. महिला ने यह वीडियो पिछले शुक्रवार को रिकॉर्ड किया था, जब वह कन्नूर के पय्यानूर रेलवे स्टेशन से एक निजी बस में सफर कर रही थी. वीडियो में महिला बस के अंदर ही आरोप लगाती नजर आई.
वीडियो हुआ वायरल
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. कुछ ही समय में इसे 20 लाख से ज्यादा लोग देख चुके थे. वीडियो कई प्लेटफॉर्म पर शेयर हुआ, जिसके बाद दीपक की पहचान सार्वजनिक हो गई थी. परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि इसी वायरल वीडियो के बाद दीपक गहरे तनाव में आ गए थे.
बता दें कि दीपक के रिश्तेदारों और इलाके के लोगों ने महिला के आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि दीपक को झूठे आरोप में फंसा दिया गया, जिससे वह अंदर ही अंदर टूट गया. अंत में उसमें आत्महत्या कर ली. परिवार का दावा है कि बदनामी और लोगों की बातें सुन-सुनकर वह बेहद परेशान रहने लगा था.
सुबह कमरे से नहीं निकले
रविवार सुबह करीब 7 बजे परिवार को शक हुआ जब दीपक काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आए. दरवाजा खोलने पर वह पंखे से लटके हुए मिले थे. इसके बाद मेडिकल कॉलेज पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की. पोस्टमार्टम के बाद दीपक का शव परिवार को सौंप दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया है. दीपक के माता-पिता इस सदमे से टूट गए हैं.
महिला अपने बयान पर कायम
इस बीच महिला ने कहा है कि वह अपने लगाए गए आरोपों पर कायम है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: 7.65 रुपए की चोरी का केस, 50 साल से चल रहा था मुकदमा; अब कोर्ट ने लिया ये फैसला
