
PM Modi Bengal Visit: पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने हुंकार भर दी है. बंगाल में सरकार बनाने के लिए बीजेपी पूरी कोशिश कर रही है. वहीं TMC से निकाले गए हुमायूं कबीर ने अलग पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है. जिसकी वजह से TMC की चिंताएं बढ़ गई है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल और असम का दौरा करने वाले हैं. पीएम मोदी बंगाल के नदिया जिले में एक रैली को संबोधित करेंगे. वहीं, असम के गुवाहाटी में एक हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे.
पीएम ने दी जानकारी
आज ममता के गढ़ बंगाल में पीएम मोदी की रैली होने जा रही है, यहां पर पीएम 3200 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे, अपने बंगाल-असम दौरे की पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट कर लिखा कि शनिवार दोपहर (20 दिसंबर) को, मैं राणाघाट में भाजपा की रैली को संबोधित करूंगा. पश्चिम बंगाल के लोग केंद्र सरकार की कई जनहितकारी पहलों से लाभान्वित हो रहे हैं, वहीं, दूसरी ओर, वे हर क्षेत्र में टीएमसी के कुशासन के कारण कष्ट झेल रहे हैं.
रखी जाएगी आधारशिला
उन्होंने कहा कि टीएमसी की लूट और धमकियों ने सारी हदें पार कर दी हैं, इसीलिए भाजपा ही जनता की उम्मीद है. प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरे पोस्ट में कहा कि मुझे शनिवार को पश्चिम बंगाल के लोगों के बीच रहने की बहुत खुशी है, आगे लिखा कि मैं सुबह लगभग 11:15 बजे नादिया जिले के राणाघाट में एक जनसभा में शामिल होऊंगा, जहां 3200 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा या उनकी आधारशिला रखी जाएगी.
होगा बेहतर संपर्क
इन परियोजनाओं में शामिल हैं एनएचएस-34 के बरजागुली-कृष्णानगर खंड के 66.7 किलोमीटर लंबे 4-लेन मार्ग का उद्घाटन और एनएचएस-34 के बारासात-बरजागुली खंड के 4-लेन मार्ग की आधारशिला रखना. इससे कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच संपर्क बेहतर होगा.
असम दौरे पर रहेंगे पीएम
इसके अलावा कहा कि मैं 20 दिसंबर को असम के गुवाहाटी पहुंचूंगा. दोपहर में लोकप्रिया गोपीनाथ बरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन होगा. यह असम के बुनियादी ढांचे के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है, बढ़ी हुई क्षमता का मतलब है बेहतर जीवन स्तर और वाणिज्य एवं पर्यटन को बढ़ावा देना.
काफी अहम है दौरा
बता दें कि 2026 में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, अपने दौरे में प्रधानमंत्री मोदी नदिया जिले के ताहेरपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब राज्य में एसआईआर को लेकर सियासी विवाद गहराया हुआ है, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस एसआईआर प्रक्रिया का विरोध कर रही है और इसे लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठा रही है. (आईएएनएस)
