News in Brief

एक्टर अहान शेट्टी अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की सफलता से गदगद हैं. फिल्म को मिल रहे शानदार प्रतिक्रिया के बीच उन्होंने बताया कि किसी भी महत्वपूर्ण सीन को शूट करने से पहले वह अपनी घबराहट और नर्वसनेस को कैसे कंट्रोल करते हैं. अहान शेट्टी ने बताया कि म्यूजिक उनके लिए सबसे बड़ा सहारा है. उन्होंने बताया, “किसी सीन से पहले मैं नॉइज कैंसिलिंग हेडफोन लगा लेता हूं. फिर वैन में या अकेले टेंट में बैठकर म्यूजिक सुनता हूं. हर सीन के लिए अलग-अलग जॉनर का म्यूजिक चुनता हूं, जो उस सीन की भावना से जुड़ता हो. इससे मैं प्रेशर का शोर हो या बाहर के अन्य शोर सभी को ब्लॉक कर देता हूं. फिर सिर्फ खुद पर और उस सीन पर फोकस करता हूं. घबराहट तो पूरी तरह खत्म नहीं होती, लेकिन मैं उसे मैनेज कर लेता हूं.”

बॉर्डर-2 की शूटिंग के वक्त स्ट्रेस में रहते थे अहान शेट्टी

‘बॉर्डर 2’ में अहान ने एक नेवी ऑफिसर का किरदार निभाया है. फिल्म में पानी के अंदर के कई सीक्वेंस हैं, जिनके लिए उन्होंने खास ट्रेनिंग ली. अहान ने बताया कि साल 2020 में कोविड के दौरान उन्होंने प्रोफेशनल्स एसोशिएसन ऑफ डाइविंग इन्सट्रक्टर्स (पैडी) लाइसेंस लिया था. यह एक अंतरराष्ट्रीय स्कूबा डाइविंग सर्टिफिकेशन है, जो थ्योरी, पूल ट्रेनिंग और ओपन-वॉटर डाइव के बाद मिलता है.

Add Zee News as a Preferred Source

ऐसे करते थे घबराहट को दूर

अहान ने कहा, “मैं स्कूल में स्विमिंग टीम का हिस्सा था, इसलिए पानी में रहना मुझे आसान लगता था. जब डायरेक्टर अनुराग सिंह ने कहानी सुनाई और पानी के सीक्वेंस का जिक्र किया, तो मैं बहुत उत्साहित हो गया. हमने शूटिंग से दो महीने पहले ट्रेनिंग शुरू कर दी. कुछ लोगों को पानी में घबराहट होती थी, लेकिन मेरे लिए सब आसान रहा. सेट पर बेहतरीन डाइव टीम और सेफ्टी टीम थी. स्क्रीन पर यह सब बहुत अच्छा लग रहा है और हर एक सीन को लेकर मैं बहुत उत्साहित रहा.”

‘बॉर्डर 2’ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में बसंतर की लड़ाई पर आधारित है. यह एक अहम लड़ाई थी, जिसमें भारतीय सैनिकों ने बहादुरी के साथ दुश्मनों को हराया और पंजाब-जम्मू सेक्टर को सुरक्षित किया. फिल्म में अहान शेट्टी के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन मुख्य भूमिकाओं में हैं.