
BMC Election: मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना गठबंधन की जीत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. चुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा. इस बीच भाजपा नेता तजिंदर सिंह पाल बग्गा ने ठाकरे ब्रदर्स पर तंज कसा जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है.
भाजपा नेता मातोश्री भिजवा दी रसमलाई
अब बीजेपी नेता तजिंदर बग्गा ने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की हार पर उनके आवास ‘मातोश्री’ के लिए रसमलाई ऑर्डर की. बग्गा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रसमलाई के ऑर्डर का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि वैचारिक मतभेद भले ही हों लेकिन ठाकरे परिवार उनका शत्रु नहीं है. उन्होंने पोस्ट में यह भी कहा कि उन्होंने उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे और आदित्य ठाकरे के लिए तीन रसमलाई भेजी हैं और उम्मीद है कि उन्हें यह पसंद आएंगी.
Ideological differences will always exist, but the Thackerays are not our enemies.
Ordered 3 Ras Malai at Matoshree for Uddhav Saheb Thackeray, Raj Thackeray & Aditya Thackeray. Hope you enjoy it. pic.twitter.com/Bsrz41LD7h
— Tajinder Bagga (@TajinderBagga) January 16, 2026
इस कदम को राज ठाकरे के एक पुराने बयान से जोड़कर देखा जा रहा है. दरअसल, कुछ समय पहले एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने भाजपा नेता के. अन्नामलाई की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सार्वजनिक मंच से उनका मजाक उड़ाया था. अन्नामलाई ने मुंबई को अंतरराष्ट्रीय शहर बताते हुए कहा था कि यह केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है. इस पर राज ठाकरे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और उनकी टिप्पणी को लेकर तंज कसा था. राज ठाकरे ने बात को खींचते हुए सार्वजनिक रूप से के. अन्नामलाई का मजाक उड़ाया और कहा कि ‘हटाओ लुंगी, बजाओ पुंगी’.
ये भी पढ़ें: ‘जिन्होंने मेरा घर गिराया, जनता ने उन्हें सबक सिखाया…’ उद्धव की हार पर बोलीं कंगना रनौत
राज ठाकरे की उसी टिप्पणी के जवाब के तौर पर तजिंदर बग्गा द्वारा रसमलाई भेजे जाने को राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है. इस घटना ने बीएमसी चुनाव नतीजों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है, जिस पर सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच बयानबाजी अब भी जारी है.

