New VISA Policy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत के खिलाफ कोई न कोई प्रतिबंध लेकर आ रहे हैं. अब तक टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका में विवाद छिड़ा था अब भारतीय छात्रों को लेकर ट्रंप प्रशासन के आदेश पर भारत में अमेरिकी दूतावास ने हाल ही में इंटरनेशनल स्टूडेंट्स के लिए एक सख्त चेतावनी जारी की है. दूतावास ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र अमेरिका में पढ़ाई के दौरान किसी भी तरह के अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. इसमें वीज़ा रद्द किया जाना, डिपोर्टेशन (देश निकाला) और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध भी शामिल हो सकता है.
दूतावास ने कहा कि कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां छात्र स्टूडेंट वीज़ा के नियमों का पालन नहीं किया और अनधिकृत रूप से काम करना, फर्जी दस्तावेज़ देना, या पढ़ाई छोड़कर अवैध गतिविधियों में शामिल होना. ऐसा करने वाले छात्रों के लिए Embassy ने सलाह दी है कि वे वीज़ा की शर्तों का पूरी तरह से पालन करें और किसी भी तरह के संदेह होने पर आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें. इस चेतावनी को और अधिक स्पष्ट करने के लिए अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी एक पोस्ट किया है. यह पोस्ट दूतावास के आधिकारिक हैंडल @USAndIndia से साझा किया गया है, जिसमें छात्रों को कानून के उल्लंघन के संभावित परिणामों के बारे में आगाह किया गया है.
अमेरिकी दूतावास की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब बड़ी संख्या में भारतीय छात्र हर साल अमेरिका में उच्च शिक्षा के लिए जाते हैं, और वीज़ा नियमों को लेकर अक्सर भ्रम की स्थिति बनती रहती है. दूतावास का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और कानूनी स्थिति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन इसके लिए छात्रों का सहयोग और नियमों का पालन जरूरी है.
