News in Brief

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना (Indian Navy) के पहले विध्वंसक पोत आईएनएस राजपूत (INS Rajput) को 41 साल की सेवा के बाद शुक्रवार को नौसेना की सेवा से हटाया जाएगा. रक्षा मंत्रालय की ओर से ये जानकारी दी गई. तत्कालीन यूएसएसआर द्वारा निर्मित आईएनएस राजपूत को पहली बार 4 मई, 1980 को कमीशन किया गया था. इसने भारतीय नौसेना की 41 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं प्रदान की है.

आईएनएस राजपूत को नौसेना डॉकयार्ड, विशाखापत्तनम में एक समारोह में सेवामुक्त किया जाएगा.

इन ऑपरेशंस में रहा शामिल

इस पोत ने पिछले चार दशकों में कई प्रमुख मिशनों में भाग लिया. इनमें भारतीय शांतिरक्षक बलों की सहायता के लिए श्रीलंका में चलाया गया ऑपरेशन अमन और मालदीव में बंधकों की समस्या के समाधान के लिए चलाया गया ऑपरेशन कैक्टस शामिल हैं.

यह भारतीय नौसेना का पहला पोत है जिसे थल सेना की किसी रेजीमेंट-राजपूत रेजीमेंट से संबद्ध किया गया था.

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, ‘आईएनएस राजपूत को अब नेवल डॉकयार्ड, विशाखापत्तनम में एक समारोह में नौसेना की सेवा से हटाया जाएगा.’