News in Brief

friedrich merz visits india: जर्मनी के संघीय चांसलर फ्रिडरिच मेर्ज सोमवार को भारत पहुंचे हैं. यह उनका पद संभालने के बाद भारत का पहला आधिकारिक दौरा है. मेर्ज की यह दो दिन की यात्रा जरूरी मानी जा रही है क्योंकि इस साल भारत और जर्मनी 75 साल का कूटनीतिक संबंध और 25 साल का रणनीतिक साझेदारी मना रहे हैं.

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत
मेर्ज का स्वागत गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर किया है. उनका दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है. इस दौरे में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है. विशेष रूप से व्यापार, निवेश, शिक्षा, तकनीक, स्किलिंग, रक्षा, सुरक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी.

आज सुबह 9:30 बजे दोनों नेता साबरमती आश्रम पहुंचे और 10 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव में शामिल हुए हैं. इसके बाद वे महात्मा मंदिर, गांधीनगर में 11:15 बजे द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे. बैठक में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य की परियोजनाओं पर विचार-विमर्श होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

नए अवसरों पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मेर्ज वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे. दोनों देश के व्यापार और उद्योग नेताओं के साथ मिलकर साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे. इस यात्रा का मकसद भारत और जर्मनी के रिश्तों को मजबूत करना और दोनों देशों के विकास में मदद करना है.

13 जनवरी को मेर्ज बॉश, नैनो साइंस और इंजीनियरिंग संस्थान CeNSE का दौरा करेंगे और उसी दिन जर्मनी के लिए रवाना होंगे. इस दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मेर्ज ने कनाडा में G7 सम्मेलन के दौरान चर्चा की थी और मेर्ज को भारत के आधिकारिक दौरे का निमंत्रण दिया था. यह यात्रा 27 जनवरी को होने वाले भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से पहले भी जरूरी मानी जा रही है.