News in Brief

Bangladeshi cargo vessel 12 sailors rescued: भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में इन दिनों थोड़ी खटास है, लेकिन इंसानियत की मिसालें तो चलती रहती हैं. कल रात सुंदरबन की मुरिगंगा नदी में एक बांग्लादेशी कार्गो जहाज ‘एमवी तमजीद एंड नासिर’ अचानक डूब गया. जहाज कोलकाता पोर्ट से माल लेकर बांग्लादेश जा रहा था.बीच नदी में इंजन फेल हो गया, तेज धारा में बेकाबू हुआ और पानी भरने लगा. लेकिन भारतीय पुलिस ने समय रहते पहुंचकर सभी 12 बांग्लादेशी नाविकों को बचा लिया. ये घटना ऐसे तनाव के माहौल में हुई है, जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर खूब अत्याचार हो रहे हैं. यूनसु और उनकी सरकार को इस घटना से भी सबक लेना चाहिए. जानें पूरी बात.

तनाव के बीच मदद का हाथ
पुलिस और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डूबे हुए जहाज की पहचान ‘एमवी तमजीद एंड नासिर’ के रूप में हुई है. यह जहाज कोलकाता पोर्ट से माल लेकर बांग्लादेश की ओर जा रहा था. यात्रा के दौरान अचानक जहाज के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई. इंजन फेल होते ही जहाज नदी की तेज धार में फंस गया और उस पर नियंत्रण खो बैठा.

नदी की तेज धारा बनी मुसीबत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नियंत्रण खोने के बाद जहाज के निचले हिस्से में दरार पड़ गई. देखते ही देखते जहाज में पानी भरने लगा. हालात बिगड़ते देख जहाज पर मौजूद नाविकों ने तुरंत मदद की गुहार लगाई. नदी में तेज बहाव के कारण कुछ ही देर में जहाज डूब गया.

Add Zee News as a Preferred Source

पुलिस ने दिखाई फुर्ती
घटना की सूचना मिलते ही सागर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. सुंदरबन पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक कोटेश्वर राव ने बताया कि पुलिस ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और जहाज पर मौजूद सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. उन्होंने कहा, “सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है.”

नाविकों को मिली प्राथमिक मदद
बचाए गए सभी बांग्लादेशी नाविकों को प्राथमिक उपचार दिया गया. फिलहाल उन्हें गंगासागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बने एक मल्टी-पर्पज शेल्टर में ठहराया गया है. प्रशासन ने उनके खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की है.

बांग्लादेशी अधिकारियों से संपर्क
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय अधिकारी बांग्लादेशी प्रशासन से संपर्क में हैं.सभी नाविकों को जल्द ही सुरक्षित तरीके से उनके देश वापस भेजने की तैयारी की जा रही है.

भारत के लिए इंसानियत सबसे ऊपर
प्रशासन ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि जहाज में किस तरह का माल लदा हुआ था. साथ ही इस बात पर नजर रखी जा रही है कि कहीं जहाज से तेल या कोई हानिकारक रसायन नदी में तो नहीं फैला. फिलहाल किसी बड़े पर्यावरणीय नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है. सुंदरबन जैसे संवेदनशील इलाके में ये जरूरी है. कोई हताहत न होने की खबर तो और भी राहत देने वाली है. भारत की पुलिस ने जिस तरह इस मामले में ‘दूत’ की भूमिका निभाई है, इससे एक बात बिल्कुल साफ है कि भारत के लिए इंसानियत सबसे ऊपर है, फिर राजनीति है.