madhya pradesh dhar bhojshala dispute: मध्यप्रदेश के धार में भोजशाला को लेकर विवाद में हिंदू पक्ष की नई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को सुनवाई करेगा. हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से दायर इस याचिका में आगामी शुक्रवार यानि बसंत पंचमी के दिन वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों को नमाज से रोकने और सिर्फ हिंदूओं को ही मां सरस्वती की पूजा-अर्चना देने की इजाजत की मांग की गई है. आज वकील विष्णु शंकर जैन ने चीफ जस्टिस से जल्द सुनवाई की मांग की थी. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई का भरोसा दिया है.
ASI के आदेश के मुताबिक मौजूदा व्यवस्था
दरअसल ASI के संरक्षित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर को हिंदू वाग्देवी ( मां सरस्वती) का मंदिर मानते हैं, जबकि मुस्लिम समुदाय का दावा है कि यह जगह कमाल मौला की मस्जिद है. इसी विवाद के मद्देनजर ASI ने 7 अप्रैल 2023 को आदेश जारी किया है. इस आदेश के मुताबिक जहां भोजशाला में हिंदुओं को मंगलवार और बसंत पंचमी के दिन पूजा की इजाजत है, वही मुस्लिम समुदाय के लोग शुक्रवार को 1 से 3 बजे के बीच नमाज पढ़ सकते है. लेकिन ASI के इस आदेश में यह साफ नहीं है कि अगर बंसत पंचमी शुक्रवार के दिन होगी तो क्या होगा। इस पर 23 जनवरी को शुक्रवार के दिन ही बसंत पंचमी पड़ रही है.
11 वी शताब्दी के मंदिर होने का दावा
कोर्ट में दाखिल इस याचिका में कहा गया है कि मां सरस्वती का यह मंदिर परमार राजा भोज ने 11 वीं शताब्दी में बनाया था. कोर्ट के आदेश के मुताबिक हुए सर्वे में भी यहां मंदिर होने की पुष्टि हुई है. ऐसे में ASI का आदेश वैसे ही अपने आप में ग़लत है लेकिन बंसत पंचमी का दिन तो मां सरस्वती की पूजा अर्चना का दिन है. उस दिन हवन, पूजा और महाआरती जैसे आवश्यक धार्मिक कर्म संकल्प से पूर्णाहुति तक बिना किसी व्यवधान के होने चाहिए. गर्भगृह की पवित्रता कायम रहनी चाहिए. ऐसे में उस दिन नमाज की इजाजत नहीं होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
