
प्रयागराज: यूपी में लाखों हिंदू मंगलवार को 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. इस कार्यक्रम में संत, महात्मा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लाखों कार्यकर्ता शामिल होंगे. इनका साथ अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य कोरोना से मुक्ति पाना है.
पूर्वी यूपी के 26 जिलों में आयोजित होगा कार्यक्रम
हमारी सहयोगी वेबसाइट India.com की खबर के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने काशी प्रांत के तहत आने वाले पूर्वी यूपी के 26 जिलों में इस कार्यक्रम के आयोजन की बात कही है. इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8.30 बजे से होगी.
संघ के पदाधिकारी का बयान
आरएसएस के प्रचार प्रमुख मुरार जी त्रिपाठी ने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ मंगलवार को सुबह 8.30 बजे से होगा. इसमें संत, महात्मा, उद्योग पति, समाजसेवी लोग शामिल होंगे. ये पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर हनुमान चालीसा का पाठ हो रहा है.
यूट्यूब पर होगा प्रसारण
इस कार्यक्रम का प्रसारण यूट्यूब के जरिए किया जाएगा. मुरार जी त्रिपाठी ने कहा कि कार्यक्रम में प्रयाग के पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती,अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि, स्वामी जितेंद्रानंद, स्वामी कैवल्य दास जी और स्वामी बृज चैतन्य जी महाराज भी शामिल होंगे.
अगले 6 माह काफी महत्वपूर्ण
विश्व संगठन (WHO) की चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन (Dr. Soumya Swaminathan) ने कहा कि कोरोना (Coronavirus) से जंग में अगले 6-18 महीने भारत (India) के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. इन महीनों के दौरान उसे टीकाकरण अभियान की रफ्तार बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस वायरस से सुरक्षित करना होगा. अगर सब कुछ सही रहा तो इस साल के अंत तक कोरोना के मामलों में कमी आनी शुरू हो जाएगी. डॉ. सौम्या स्वामीनाथन (Dr. Soumya Swaminathan) ने कहा कि भारत को अगले 6 से 12 महीनों तक अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना होगा. उसे अपने स्वास्थ्य ढांचे में तेजी से सुधार लाना होगा. ऐसा करना बेहद मुश्किल होगा लेकिन भारत को ऐसा करना होगा. इस साल के अंत तक भारत समेत दुनिया भर की करीब 30 फीसदी आबादी वैक्सीनेट हो सकती है. अगर ऐसा हुआ तो ये बड़ी कामयाबी होगी. उसके बाद हालात में सुधार होने की गुंजाइश बन सकती है.
