
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पार्क स्ट्रीट स्थित एक फेमस बार कम रेस्टोरेंट ‘ओलीपब’ ने सायक चक्रवर्ती नाम के एक यूट्यूबर को गलती से बकरी के मांस के बदले गोमांस परोसने के बाद औपचारिक माफी जारी की है. इसके बाद अब यूट्यूबर ने घटना के जुड़े वेटर के खिलाफ की गई अपनी पुलिस शिकायत वापस ले ली है. बता दें कि यह घटना 30 जनवरी 2026 की शाम की है, जब सायक अपने 2 दोस्तों के साथ ओलीपब गए और मटन स्टिक का ऑर्डर दिया.
यूट्यूबर को परोसा गोमांस
यूट्यूबर की शिकायत के मुताबिक उन्हें गलती से गोमांस परोसा गया, जिसके कारण उनकी वेटर और मैनेजर के साथ कहासुनी हो गई. सायक ने बाद में इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो जल्द ही वायरल हो गया. शिकायत को लेकर ‘ओलीपब’ ने कहा,’ 30 जनवरी 2026 की शाम को हमारे एक वेटर से सेवा करते समय एक गंभीर लेकिन अनजाने में हुई गलती हो गई. यह एक वास्तविक गलती थी और इसका मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था. हम उनकी गलती के लिए वास्तव में खेद व्यक्त करते हैं और अनजाने में अपने ग्राहक की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए तहे दिल से माफी मांगते हैं.’
ये भी पढ़ें- रेबीज का इंजेक्शन लगाया फिर भी 1 हफ्ते बाद हो गई बच्चे की मौत, महाराष्ट्र में कुत्ते के काटने से जुड़ा अनोखा मामला
रेस्टोरेंट ने मांगी माफी
घटना को लेकर रेस्टोरेंट ने आगे कहा,’ ओलीपब सभी के प्रति सम्मान के सिद्धांत पर आधारित है, चाहे उनकी जाति, पंथ, धर्म या लिंग कुछ भी हो. हमें अपनी 80 साल पुरानी विरासत पर गर्व है और हम अपने सभी ग्राहकों और कर्मचारियों के साथ हमेशा सम्मान और गरिमापूर्ण व्यवहार करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं. हमें अपने शुभचिंतकों से मिले अपार समर्थन से बेहद खुशी हुई है और इस कठिन समय में हमारा साथ देने के लिए हम आप सभी का धन्यवाद करते हैं. हम आपको हमेशा अपनी सर्वोत्तम सेवा का आश्वासन देते हैं.’
ये भी पढ़ें- ISRO की आ गई मौज, मिल गया 13 हजार करोड़ का बजट, अब वैज्ञानिक स्पेस में मचाएंगे डबल धमाल
वापस हुई शिकायत
सायक की शिकायत के बाद पार्क स्ट्रीट पुलिस ने वेटर शेख नासिरुद्दीन को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत गिरफ्तार कर लिया. वहीं कोर्ट में पेश किए जाने पर उन्हें जमानत नहीं मिली. स्थिति तब और बिगड़ गई जब हावड़ा निवासी जॉयराज भट्टाचार्य ने सायक के खिलाफ जवाबी शिकायत दर्ज कराई और उन पर साजिश के जरिए सांप्रदायिक अशांति भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया. घटना से निपटने के उनके तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बीच, सायक ने अपनी शिकायत वापस लेने की घोषणा की.

