Child Electrocuted Train: महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कामठी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. यहां 13 साल का बच्चा जिसका नाम लकी बताया गया है पतंग उड़ाते समय करंट से गंभीर रूप से झुलस गया. लकी की पतंग कटकर स्टेशन पर खड़ी कोयले से भरी मालगाड़ी के डिब्बे पर फंस गई थी.
11,000 वोल्ट की चपेट में बच्चा
बता दें कि पतंग वापस पकड़ने के लिए लकी ने बिना खतरे को समझे ट्रेन के डिब्बे पर चढ़ने की कोशिश की और मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान ने उसे रोकने का प्रयास भी किया. बच्चा नहीं माना और ऊपर चढ़ गया. इस दौरान पतंग की डोर ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन में उलझी हुई थी. जैसे ही लकी ने पतंग की डोर खींची, वह सीधे 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. तेज झटके से वह ट्रेन के डिब्बे पर ही गिर पड़ा.
तुरंत की गई मदद
हादसे के बाद रेलवे कर्मचारी और RPF के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद करवाई गई. फिर बच्चे को सावधानी से नीचे उतारा गया. इसके बाद लकी को तुरंत नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि लकी की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. उसका इलाज लगातार किया जा रहा है.
RPF ने लोगों से की अपील
रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को रेलवे इलाकों में खेलने से रोकें. खासकर पतंग उड़ाते समय या खेल-खेल में किसी भी तरह का जोखिम भरा कदम न उठाने की सलाह दी गई है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: बंगाल में लौटा निपाह वायरस! जान लें कितना है खतरनाक, 75% तक बना रहता मौत का खतरा; ऐसे करें बचाव
