News in Brief

PM Modi spoke about Jayalalithaa in Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 131वें एपिसोड में तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और जनप्रिय नेता जयललिता जी को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है. 24 फरवरी को उनकी जयंती से पहले पीएम मोदी ने कहा कि जयललिता जी जैसी नेता हमेशा जनता की भलाई के लिए समर्पित थी.

यही वजह है कि वे आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में बसती हैं. पीएम ने तमिलनाडु के लोगों के मन में अम्मा के प्रति अटूट प्रेम और सम्मान का भी जिक्र किया है. आइए जानते हैं पीएम मोदी ने मन की बात में जयललिता जी की विरासत और उनके योगदान के बारे में और क्या कहा है.

जनता के दिलों में बसी हैं जयललिता

मन की बात में पीएम मोदी ने जयललिता जी के बारे में बात करते हुए कहा कि, “हमारे देश में ऐसे लोग हमेशा जनता के दिलों में बसे रहते हैं जिन्होंने समाज के कल्याण के लिए काम किया होता है, जिन्होंने अपने नेक कार्यों में जनता को प्राथमिकता दी होती है. अम्मा जयललिता जी, ऐसी ही एक लोकप्रिय लीडर थीं.

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने आगे कहा कि, ”अम्मा जयललिता जी का जिक्र होते ही, तमिलनाडु के लोगों के चेहरे खिल उठते हैं. हमारी नारी शक्ति का जुड़ाव तो उनसे और विशेष रहा है. ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि सरकार में रहते हुए उन्होंने माताओं-बहनों और बेटियों के लिए कई सराहनीय प्रयास किए. मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”

इतना ही नहीं उन्होंने जयललिता जी के साथ हुई मुलाकात पर बात करते हुए कहा कि, “अम्मा जयललिता जी के साथ हुई हर मुलाकात, हर प्रकार की बातचीत मेरे मन में आज भी ताजा है. वे गुजरात में 2002 और 2012 में हुए मेरे दो शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुई थीं. जब हम दोनों अपने-अपने राज्य में मुख्यमंत्री थे, तब गुड गवर्नेंस जैसे विषयों पर अक्सर हमारे बीच बातचीत होती रहती थी.”

बेहद सुलझी हुई थीं ‘अम्मा’

जयललिता जी की सोच की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, “अम्मा जयललिता जी की सोच बिल्कुल साफ थी और विचार बेहद सुलझे हुए. यह उनकी एक बड़ी खासियत थी. कई वर्ष पहले उन्होंने पोंगल के पावन अवसर पर मुझे लंच के लिए चेन्नई आमंत्रित किया था. स्नेह से भरा उनका वो भाव मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा. मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”

ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने क्यों रोका BJP अध्यक्ष का रास्ता? अहम मुलाकात से पहले ही ‘हाउस अरेस्ट’ का बड़ा एक्शन