बीएमसी चुनाव को लेकर भाजपा और शिवसेना ने सारे समीकरण तैयार कर रखे हैं. यह दोनों पार्टियों के लिए ‘चुनावी कुरुक्षेत्र’ है जिसे जीतना दोनों के लिए अलग-अलग तरीके से मायने रखता है. ठाकरे परिवार को अपनी सियासत को संजीवनी देने के लिए आखिरी किले को बचाना ही होगा. लोकसभा और विधानसभा में भले ही प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप न रहा हो लेकिन एशिया के सबसे अमीर नगर निगम पर ठाकरे की शिवसेना हर साल में दबदबा बनाए रखना चाहेगी. उधर, भाजपा चाहती है कि शिंदे सेना की मदद से नया इतिहास लिखा जाए. इससे शिंदे शिवसेना की विरासत के असली उत्तराधिकारी बनकर उभरेंगे, साथ ही भाजपा का आगे के लिए रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा.
ऐसे में जहां ठाकरे बंधु मराठी वोटों को एकजुट कर अपनी ताकत परख रहे हैं वहीं भाजपा को उत्तर भारतीयों और शिंदे सेना के वोटरों पर भरोसा है. ऐसे में 1-1 प्रतिशत वोट बैंक को साधा जा रहा है. भाजपा ने करीब 4 प्रतिशत वोट बैंक वाले तमिल समुदाय को साधने के लिए तमिलनाडु के ‘सिंघम’ अन्नामलाई को भेजा था. इन सबके बीच मुसलमानों का मूड निर्णायक भूमिका निभाएगा. आइए समझते हैं कि बीएमसी चुनाव में जाति, क्षेत्र, समुदाय का समीकरण क्या कहता है?
भाजपा का गणित
बीएमसी के कुल वार्ड- 227
अलग-अलग इलाकों से आए समुदाय- मराठी, उत्तर भारतीय, मुस्लिम, गुजराती, मारवाड़ी
मराठी 30 प्रतिशत – शिंदे की शिवसेना और उद्धव ठाकरे – मनसे का मोर्चा इन्हें साध रहा है. इनका प्रभाव सेंट्रल मुंबई, दादर, गिरगांव जैसे इलाकों में है.
उत्तर भारतीय 25 प्रतिशत – भाजपा इन्हें साध रही है. ये यूपी-बिहार से आए लोग हैं जहां भाजपा सत्ता में है. इनका प्रभाव मलाड, मीरा भयंदर, कुर्ला, गोरेगांव जैसे इलाकों में है. ये लोग भाजपा और कांग्रेस को ही वोट देते आ रहे हैं. 50 वार्डों में उत्तर भारतीयों का वोट मायने रखता है. मनसे से नाराज ये लोग इस बार किसे वोट देंगे, यह देखना दिलचस्प होगा.
मुसलमान 20 प्रतिशत- ये समुदाय भिंडी बाजार, कुर्ला, मानखुर्द जैसे इलाकों में अपना प्रभाव रखता है. उद्दव ने भी इस बार कई मुस्लिम कैंडिडेट उतारे हैं. ओवैसी की पार्टी भी ताल ठोक रही है. ऐसे में मुस्लिम वोटर का फैसला अहम हो सकता है.
गुजराती, मारवाड़ी 17 प्रतिशत – ये भाजपा के वोटर माने जाते हैं. ये ज्यादातर व्यापारी समुदाय है. ये मालाबार हिल, मुलुंड, घाटकोपर, बोरीवली जैसे इलाकों में हैं.
तमिल 4 प्रतिशत – इन्हें साधने के लिए भाजपा नेता अन्नामलाई कैंप करने लगे तो ठाकरे बंधुओं ने हमला बोल दिया. राज ठाकरे ने अन्ना को रसमलाई तक कह दिया.
अन्य 4 प्रतिशत – इसमें पंजाबी, दलित वोटर और इसाइयों को रखा जा सकता है. बांद्रा, विले पार्ले में इसाइयों की अच्छी आबादी रहती है.
इसमें करीब 8 पर्सेंट वोटर ऐसा माना जा रहा है जो पारंपरिक रूप से किसी पार्टी का वोटर नहीं रहा है. भाजपा को उम्मीद है कि उत्तर भारतीय, 8 पर्सेंट फ्लोटिंग वोटर और शिंदे सेना के मुस्लिम-मराठी समीकरण से वह आसानी से बीएमसी चुनाव जीत जाएगी.
पढ़ें: ठाकरे के गढ़ में तमिलनाडु का तड़का क्यों लगा? भाजपा के दांव से मुंबई चुनाव में खलबली
उधर, मराठी मानुष की बात करने वाले ठाकरे बंदुओं को उम्मीद है कि मराठी वोट बैंक के साथ मुस्लिम आए तो उनका किला बरकरार रह सकता है.
मुसलमान किसे वोट देंगे?
– पूरे राज्य में मुस्लिमों की आबादी 12 प्रतिशत के करीब है लेकिन मुंबई में ये 20 फीसदी के आसपास हैं. यही वजह है कि बीएमसी चुनाव में कई इलाकों में मुस्लिम समुदाय के लोग ही हार जीत तय करते हैं.
– बीएमसी की कुल 227 सीटों में 45-50 सीटों पर मुसलमानों का वोट मायने रखता है. दो दर्जन से ज्यादा सीटें ऐसी हैं जहां ये ही निर्णायक भूमिका में होते हैं.
– हालांकि मुस्लिम वोटर एकजुट नहीं है. आधे से ज्यादा उत्तर भारतीय है जबकि 30 प्रतिशत में मराठी, दक्षिण भारतीय, गुजराती आदि हैं. कुल मिलाकर देखेंगे तो पता चलता है कि मुंबई के मुसलमान मराठी और गैर-मराठी में बंटे हैं.
– ऐसे में मराठी मुस्लिम शिवसेना, गैर-मराठी कांग्रेस और दूसरी पार्टियों को वोट देता रहा है. इस बार सपा और ओवैसी की पार्टी भी वोट काटेगी. कांग्रेस और अजित पवार को मुस्लिम वोटरों से काफी उम्मीद है. कांग्रेस भी अलग चुनाव लड़ रही है.
