News in Brief

Palghar Medical College Ragging Forced Namaz: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा तालुका के पोशेरी गांव में स्थित एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में रविवार रात एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रैगिंग की घटना हुई. पीड़ित छात्रा नासिक की रहने वाली है. कॉलेज में फर्स्ट ईयर फिजियोथैरेपी की पढ़ाई कर रही है. छात्रा का आरोप है कि हॉस्टल के पांचवें फ्लोर पर एक लड़की ने जिसका चेहरा ढका हुआ था, उसे रोक लिया और उसपर नमाज पढ़ने का दवाब बनाया. 

नमाज़ पढ़ने का दबाव
छात्रा का आरोप है कि हॉस्टल की एक लड़की ने उस पर नमाज पढ़ने का दबाव बनाया. जब छात्रा ने मना किया तो भी उस पर लगातार दबाव बनाया गया. इससे वह काफी डर गई. घटना के बाद छात्रा ने अगली सुबह अपने परिवार को इसकी जानकारी दी. परिवार का कहना है कि कॉलेज प्रशासन से कोई ठोस जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने विश्व हिंदू परिषद से संपर्क किया है.

कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल
मामले के सामने आते ही कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया. कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए पुलिस को तैनात किया गया. पुलिस ने सोमवार रात इस मामले में एफआईआर दर्ज की है. शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि यह मामला रैगिंग से जुड़ा हो सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

BNS और महाराष्ट्र रैगिंग विरोधी कानून के तहत केस दर्ज
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख खुद कॉलेज पहुंचे और हालात का जायजा लिया है. उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र रैगिंग विरोधी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस हॉस्टल और कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. दूसरे छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे  आरोपी की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

हॉस्टल वार्डन और एक शिक्षक सस्पेंड
इस बीच बढ़ते दबाव और नाराजगी को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने भी इसपर कार्रवाई की है. हॉस्टल वार्डन और एक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर कॉलेज की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. संगठन का दावा है कि पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने इन आरोपों को गलत बताया है. कहा है कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे. फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.

यह भी पढ़ें: श्रीनगर के बुलबुल बाग में लगी भीषण, रिहायशी इलाके तक पहुंचने से पहले बुझाने में जुटा दमकल विभाग