बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के लिए खतरे की घंटी बजा रहे हैं. भाजपा गदगद है. बिहार और महाराष्ट्र दोनों राज्यों की जनता ने उसे एक जैसा मैसेज दिया है. दोनों राज्यों में भगवा दल सबसे आगे है. हां, महाराष्ट्र में भाजपा के सत्ता में आने के एक साल बाद पार्टी ने पहले दो चरणों में हुए 288 स्थानीय निकायों में सबसे ज्यादा 129 में अपना दबदबा साबित किया है. वह राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे विपक्षी दलों के लिए गहरा संदेश लिए हुए हैं. उद्धव ठाकरे की शिवसेना के लिए भी गहन मंथन का वक्त है. शरद पवार की पार्टी की सेहत अब ठीक नहीं लग रही है. 5 प्वाइंट्स में जानिए महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे क्या कह रहे हैं.
1. उद्धव – पवार के लिए अशुभ संकेत: सत्ताधारी महायुति अलायंस ने 200 का आंकड़ा पार कर लिया. इसमें शिवसेना ने 51 स्थानीय निकाय और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 33 सीटें जीतीं. कांग्रेस वाला विपक्षी गठबंधन (महा विकास अघाड़ी) मुश्किल से 50 के आंकड़े तक पहुंच सका. इसमें भी कांग्रेस ने 35 और शिवसेना (UBT) और NCP (शरद पवार) ने आठ-आठ सीटें जीती हैं. उद्धव और शरद पवार दोनों के लिए चिंता की बात है. उनकी पार्टी तो टूटी ही थी, अब उन्हें नई पार्टी के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी.
पिछले साल विधानसभा चुनाव हारने के बाद विपक्ष के लिए महाराष्ट्र से अशुभ संकेत ही मिले हैं. स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे बोल रहे हैं कि कांग्रेस+ अभी तक संगठनात्मक रूप से उबर नहीं पाए हैं. शिवसेना (UBT) और NCP (SP) तो अपनी सीटों की संख्या को डबल डिजिट तक नहीं पहुंचा पाए. इस हार के बाद उनके ग्राउंड लेवल का वर्कर निराश होगा और उसे साथ जोड़े रखना मुश्किल होने वाला है. वैसे भी पार्टी के टूटने के बाद दोनों का आधार हिला हुआ है.
2. फडणवीस विजेता: भाजपा के लिए यह जीत 15 जनवरी को होने वाले मुंबई नगर निगम चुनावों से पहले एक बड़ा गिफ्ट है. नेता उत्साहित हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी का जनाधार बढ़ा है. यही वजह है कि पार्टी के लोग केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ देवा भाऊ को भी क्रेडिट दे रहे हैं. हां, लोकल इलेक्शन से पहले गठबंधन में एक अजीब सी असमंजस और तनातनी की स्थिति बनती जा रही थी. डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ विधायकों को तोड़ने के आरोप लग रहे थे. हाल के महीनों में गठबंधन में शिवसेना और NCP के मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार और दूसरी अनियमितताओं के आरोप लगे तो भी सियासी चुनौती बढ़ती दिखी थी. महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने जीत का श्रेय फडणवीस के राजनीतिक रोडमैप और विजन को दिया.
3. मैसेज सबके लिए: CM ने लोकल चुनावों से पहले पूरे राज्य में 38 रैलियों को संबोधित किया था. यह सत्तारूढ़ गठबंधन में आने वाली बाधाओं को पार करते हुए सहयोगियों को साथ लाने की उनकी क्षमता का टेस्ट था. जीत के बाद सीएम ने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव 2025 में भाजपा को मिली जीत महाराष्ट्र की जनता द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर दिखाया गया विश्वास है. देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि BJP ने एक बार फिर महाराष्ट्र में खुद को नंबर एक पार्टी के रूप में स्थापित किया है. उन्होंने यह भी बताया कि नगर सेवकों की सीटों पर गौर करें तो 2017 में भाजपा ने 1602 सीटें जीती थीं जो अब बढ़कर 3325 (47.82 %) हो गई हैं यानी भाजपा ने दोगुनी से भी ज्यादा सीटें जीती हैं. हमने महायुति के तौर पर 4331 सीटें (62.30 %) जीती हैं. कुल सीटें 6952 हैं.
4. बीएमसी चुनाव पर असर: हां, यह तो साफ है कि बहुत जल्द होने वाले बीएमसी चुनावों पर इसका असर दिखेगा. एक BJP नेता ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि ये नतीजे 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में ज्यादा आत्मविश्वास भरने में मदद करेंगे. वैसे भी आगे मुंबई नगर निगम के चुनाव हैं. ऐसे ही हवा बही तो उद्धव ठाकरे का दबदबा मुंबई में भी घट सकता है जबकि शिवसेना (UBT) पिछले तीन दशकों का प्रभाव बनाए रखना चाहेगी.
पढ़ें: एक ही परिवार के 6 के 6 कैंडिडेट हारे…महाराष्ट्र निकाय चुनाव में जनादेश का गुणागणित
5. भाजपा के सहयोगी भी ज्यादा खुश नहीं? पहले, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को समझना होगा कि भाजपा ने कैसे लोकल चुनावों का कैंपेन भी ऐसे किया जैसे ये संसदीय या विधानसभा चुनाव हों. यह अपने जमीनी बेस को टेस्ट करने का मौका था और यह देखने का भी कि वह ‘शत प्रतिशत भाजपा’ के बड़े लक्ष्य से कितनी दूर है. यह वह राजनीतिक भविष्य है जिसकी भाजपा महाराष्ट्र में कल्पना करती है. तब उसे अपने सहयोगियों की जरूरत नहीं होगी. लोकल चुनावों में दबदबा भाजपा के उस लक्ष्य की ओर एक बड़ा कदम है. जाहिर है कि भाजपा के सहयोगी भी इस चुनाव को शायद उस पॉजिटिव नजरिए से नहीं देखेंगे जैसा कि पार्टी खुद देख रही है.
