
)
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण एक भाषण को लेकर घिर गए हैं. उनकी टिप्पणी पर बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने बयान जारी कर अपना जवाब दिया है. एक दिन पहले चव्हाण ने लातूर में कहा था कि लोगों का उत्साह देखकर मैं 100 फीसदी भरोसे के साथ कह सकता हूं कि विलासराव देशमुख की यादें इस शहर से मिट जाएंगी. विलासराव देशमुख रितेश के पिता और कांग्रेस पार्टी से महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री थे. इस पर रितेश ने सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो शेयर किया. हाथ जोड़े हुए एक लाइन कही और महाराष्ट्र भाजपा को बाद में सॉरी कहना पड़ा.
रितेश ने वीडियो में कहा कि मैं हाथ जोड़कर बस इतना कहना चाहता हूं कि जो लोग जनता के लिए जीते हैं, उनके नाम दिलों में गहरी छाप छोड़ जाते हैं, लिखी हुई चीज को मिटाया जा सकता है लेकिन गहरी छाप को नहीं.
कांग्रेस के दिवंगत नेता विलासराव देशमुख का उनके गृह नगर लातूर में आज भी नाम है. लोग उन्हें सम्मान से याद करते हैं. कांग्रेस पार्टी ने भी भाजपा नेता के बयान की आलोचना की थी. एनसीपी (अजीत पवार) के कुछ नेताओं ने भी विलासराव देशमुख को लेकर इस तरह की टिप्पणी पर नाराजगी जताई.

