महाराष्ट्र में भाजपा का कुछ साल पहले से चल रहा लंबा प्रयोग अब सफल हो चुका है. हां, आज भाजपा के ‘चाणक्य’ कहे जाने वाले अमित शाह बहुत खुश होंगे. भाजपा और शिंदे सेना के गठजोड़ ने महाराष्ट्र के निकाय चुनावों में जबर्दस्त जीत हासिल की है. कुछ साल पहले शिवसेना के दो हिस्सों में बंटने से भाजपा को जो फायदा मिलना शुरू हुआ था, अब उसकी आखिरी किस्त मिल गई है. इसके बाद अब उसके लिए सहयोगी मजबूरी नहीं रहेंगे. अब वह खुद नंबर एक पर पहुंच गई है. जी हां, लातूर को छोड़कर बाकी सभी 28 महानगरपालिकाओं में भाजपा की आंधी देखने को मिली है. ठाकरे परिवार के गढ़ मुंबई में देवेंद्र फडणवीस ने तीन दशक बाद बीएमसी में ‘अपना भगवा’ लहराया है. उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा मुंबई में 2017 के आंकड़े (82) को पार कर गई है. एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने महत्वपूर्ण सीटें जोड़कर गठबंधन को मजबूती दी. ऐसे में अब भाजपा-शिंदे सेना का मेयर बनने जा रहा है. ये नतीजे देश की जनता को क्या संदेश दे रहे हैं?
1. महाराष्ट्र निकाय चुनाव में शहरी पॉलिटिक्स निर्णायक साबित हुई है. उद्धव और राज ठाकरे का गठजोड़ भी भाजपा के उभार को रोक नहीं सका. विपक्ष बिखरा था, डेमोग्राफी बदलने और वोटरों की प्राथमिकताओं ने मिलकर सत्तारूढ़ भाजपा गठबंधन के लिए अनुकूल माहौल बना दिया.
2. रिजल्ट बता रहे हैं कि भाजपा अब महाराष्ट्र की नंबर एक राजनीतिक पार्टी है. इसने न सिर्फ विधानसभा या लोकसभा में अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया है बल्कि शहरी निकाय प्रशासन के लिए भी लोगों का उस पर भरोसा है.
3. भाजपा के हिंदुत्व और विकास का डबल डोज युवा शहरी वोटरों को अपने साथ जोड़ रहा है, जो विरासत वाली अपील से हटकर बेहतर शासन, इन्फ्रास्ट्रक्टर और विकास कार्य की डिलिवरी चाहते हैं.
4. देवेंद्र फडणवीस राज्य में भाजपा के सबसे बड़े नेता बनकर उभरे हैं. निकाय चुनावों में मिली जीत ने उन्हें महाराष्ट्र का सबसे भरोसेमंद जन नेता बना दिया है. ऐसे में अगर पार्टी उन्हें अगली पीढ़ी के बड़े नेता के तौर पर प्रोजेक्ट करे तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए.
5. ठाकरे ब्रांड अब ढलान पर है. मुंबई अब उनका पारंपरिक गढ़ नहीं रहा है. ऐसे में उद्धव और राज ठाकरे को अपनी मराठी राजनीति पर फिर से विचार करने की जरूरत है.
6. शहरी इलाकों में पवार फैमिली का राजनीतिक प्रभाव अब कम हो रहा है. वैसे भी अब केवल वंशवादी अपील से वोटरों को अपनी तरफ खींचना मुश्किल है.
7. कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है. महाराष्ट्र में उसने अपने शहरी वोटर खोए हैं. लातूर के अलावा बाकी जगहों पर शहर केंद्रित पॉलिटिक्स में उसकी घटती अहमियत मंथन का विषय है.
8. बिखरे और एकजुट न दिखने वाले विपक्ष ने बीजेपी को बड़ा फायदा पहुंचाया है. इसी का परिणाम है कि ओवैसी, सपा, वंचित विकास अघाडी समेत कई पार्टियों वाले मुकाबले में भी उसके वोटर टिके रहे.
9. मुंबई में बदलती आबादी अब शिवसेना के समीकरण से मेल नहीं खाती है. चुनाव प्रचार में राज ठाकरे ने इस ओर इशारों में कुछ चिंता भी जताई थी. अब शिवसेना और मनसे का दबदबा कमजोर हो रहा है. मराठी वोट कई पार्टियों में बंट गया है, जो ठाकरे का बेस हुआ करते थे. उत्तर भारतीय और गैर-मराठी वोट मिलकर भाजपा के साथ हो गए हैं. राज ठाकरे की आक्रामक ‘बाहरी विरोधी राजनीति’ का भी असर दिखा है. युवा वोटरों को तरक्की की आशा है. उनके पास अपने शहर के लिए प्राथमिकताएं अलग हैं.
10. एक बार फिर चुनाव में भाजपा की महिला-केंद्रित योजनाओं से फायदे दिखे हैं. अब ये चुनाव जीतने की मशीन बन चुके हैं. इन सबके बीच राज्य चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं.
शाह ने महाराष्ट्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह बताती है कि देश के कोने-कोने की जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA की विकासनीति पर है. यह ऐतिहासिक सफलता, महायुति सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए विकास और जनकल्याण के कार्यों पर जनता की मुहर है.
